ग्वालियर में यातायात पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात चेकिंग के दौरान महाराजा बाड़े के पास छापा खाना के सामने एक बाइक से चार पेटी देशी शराब बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच हुई। तस्कर बाइक क्रमांक MP07 NH 4454 पर शराब ले जा रहे थे, तभी यातायात पुलिस ने उन्हें रोका। बरामद की गई शराब की कीमत लगभग 10 हजार रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 40 वर्षीय सुनील बाथम पिता राजे बाथम निवासी भदोरिया मार्केट के पीछे, थाटीपुर और 41 वर्षीय जितेंद्र धौलपुरिया पिता केदार धौलपुरिया निवासी नादरिया माता के पास गुढ़ी गुढ़ा का नाका के रूप में हुई है। यातायात पुलिस ने अवैध शराब और दोनों तस्करों को कोतवाली थाना पुलिस के हवाले कर दिया। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। कोतवाली थाना प्रभारी मोहिनी वर्मा ने बताया कि चेकिंग के दौरान दो शराब तस्करों को पकड़ा गया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे शराब कहां से लाए थे और इसे कहां पहुंचाने वाले थे। साथ ही, उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
Source link