खंडवा के पदमकुंड वार्ड स्थित फकीर मोहल्ला निवासी एक महिला ने अपने पति फिरोज खान पर हत्या की साजिश रचने, दूसरी शादी करने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने मंगलवार को पुलिस को आवेदन देकर खुद और अपने बच्चों की सुरक्षा की मांग की है। महिला के अनुसार, उसका विवाह फिरोज खान से हुआ था और उनके चार बच्चे हैं। पिछले कुछ समय से पति की आपराधिक गतिविधियों के चलते पारिवारिक विवाद बढ़ गया था। फिरोज खान ने अपने भाई इमरान और अनवर के साथ मिलकर फकीर मोहल्ला क्षेत्र के एक व्यक्ति की हत्या की साजिश रची थी। इसके लिए उनके घर पर बैठक कर बाहरी लोगों को पैसे देकर वारदात को अंजाम दिलाया गया, जिसमें फिरोज खान और अनवर को आरोपी बनाया गया। दूसरी शादी की
पीड़िता ने बताया कि जब उसने इस साजिश का विरोध किया तो विवाद बढ़ गया, जिसके बाद वह अपने बच्चों को लेकर मायके गणेश तलाई में रहने लगी। इस दौरान उसे यह भी पता चला कि पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी (निकाह) कर ली है। महिला का आरोप है कि कुछ दिन पहले फिरोज खान अपने भाईयों के साथ उसके मायके पहुंचा, जहां फिर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। उसने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कहा कि “मैं पैसे वाला आदमी हूं, मेरे राजनीतिक संबंध मजबूत हैं, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता, मैं तुम्हारा मर्डर करवा दूंगा।” पीड़िता ने खुद को जान का खतरा बताया
घटना के दौरान मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पति और उसके भाई आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ हत्या व हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वर्तमान में वे जमानत पर बाहर हैं, जिससे उसे लगातार खतरा बना हुआ है। महिला ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए और उसे व उसके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
Source link