मां को करनी थी दूसरी शादी, रोड़ा बन रही बेटी को ट्रेन के आगे फेंका

मां को करनी थी दूसरी शादी, रोड़ा बन रही बेटी को ट्रेन के आगे फेंका


Last Updated:

Narmadapuram News: आरोपी महिला का नाम अंजू राजपूत है. अंजू 17 मार्च को अपनी 8 साल की बेटी के साथ रेलवे स्टेशन पहुंची. वह इधर-उधर भटक रही थी. किसे पता था कि वह मासूम को ट्रेन के आगे फेंकने की फिराक में है.

Zoom

30 मार्च को अस्पताल में मासूम की मौत हो गई. (सांकेतिक तस्वीर)

नर्मदापुरम. मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में जो हुआ, उसे सुन आपका रिश्तों पर से भरोसा उठ जाएगा. दूसरी शादी करने के लिए एक मां हैवान बन गई. उसने अपनी 8 साल की बच्ची को मारने का प्लान बनाया और तय प्लान के मुताबिक ट्रेन के आगे फेंक दिया. हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई थी. अस्पताल में 13 दिनों तक उसका इलाज चला लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गई. पुलिस ने मां के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया और उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने कलयुगी मां को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है. मामले की जांच जारी है.

दिल दहला देने वाली यह घटना नर्मदापुरम की है. आरोपी महिला का नाम अंजू राजपूत है. मिली जानकारी के अनुसार, अंजू 17 मार्च को अपनी 8 साल की बेटी को लेकर रेलवे स्टेशन पर इधर-उधर भटक रही थी. किसे पता था कि वह बेटी को ट्रेन के आगे फेंकने की फिराक में है. रात करीब 8 बजे तमिलनाडु एक्सप्रेस जैसे ही प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आई, उसने मासूम को ट्रेन के आगे फेंक दिया. स्टेशन पर अफरातफरी मच गई. जीआरपी फौरन मौके पर पहुंची.

हादसे में कई अंग हुए क्षतिग्रस्त
जीआरपी और यात्रियों की मदद से बच्ची को फौरन अस्पताल भिजवाया गया. उसकी हालत नाजुक थी. उसे भोपाल रेफर किया गया. मासूम के शरीर के कई अंग क्षतिग्रस्त हो गए थे लेकिन फिर भी डॉक्टर पूरी कोशिश कर रहे थे. आखिरकार 30 मार्च को बच्ची ने दम तोड़ दिया. रेलवे स्टेशन पर हुई घटना के बाद रेल पुलिस ने अंजू के खिलाफ हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया था लेकिन मासूम की मौत के बाद अब मर्डर का केस दर्ज किया गया है. पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया.

अनुकंपा पर मिली थी नौकरी
जीआरपी थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया कि जांच में पता चला कि अंजू के पति की मौत हो चुकी है. पति की मौत के बाद उसे अनुकंपा पर एग्रीकल्चर डिपार्टमेंट में नौकरी मिली थी. वह दूसरी शादी करना चाहती थी. बच्ची शादी में रोड़ा बन रही थी. इसी वजह से उसने बच्ची को मारने का प्लान बनाया और रेलवे स्टेशन पर वारदात को अंजाम दिया.

पहले भी लाई थी रेलवे स्टेशन
बताया जा रहा है कि अंजू इससे पहले भी अपनी बेटी को मारने के लिए रेलवे स्टेशन लाई थी लेकिन वह हिम्मत नहीं जुटा पाई. इस बार 17 मार्च को उसने बेटी को ट्रेन के आगे फेंक ममता का कत्ल कर दिया.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link