Last Updated:
कांग्रेस की तरफ से माइनॉरिटी डिपार्टमेंट की एडवाइजरी काउंसिल का गठन किया गया है. इसमें भोपाल मध्य के विधायक आरिफ मसूद को भी जगह मिली है. आरिफ जमीनी नेता माने जाते हैं और संगठन में उनकी पकड़ मजबूत है. वह पिछली दो बार से विधानसभा चुनाव भी जीत रहे हैं.
रिपोर्ट-रामाकांत दुबे
Congress Advisory Council For Minority Department: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बड़ा फैसला लेते हुए AICC माइनॉरिटी डिपार्टमेंट की एडवाइजरी काउंसिल का गठन किया है. इसमें देश के कई बड़े नेताओं को शामिल किया गया है. सलाहकार परिषद में कुल 60 सदस्यों को जगह मिली है और यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है. कांग्रेस पार्टी के महासचिव केसी वेगुगोपाल की तरफ से पत्र में इसकी जानकारी दी गई है. यह पत्र राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी को लिखा गया है.
एडवाइजरी काउंसिल में शामिल हैं कई वरिष्ठ नेता
परिषद में तारिक अनवर, वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद और अभिषेक मनु सिंघवी सहित कुल 60 नेताओं को सदस्य बनाया गया है. माइनॉरिटी डिपार्टमेंट की एडवाइजरी काउंसिल का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय से जुड़े मुद्दों पर पार्टी को सलाह देना है. ताकि चुनाव में पार्टी उन्हें सही तरीके से साध सके. परिषद में कई वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों को शामिल किया है.
आरिफ मसूद को मिली जगह
खास बात ये है कि इस परिषद में भोपाल मध्य से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद को भी शामिल किया गया है. मसूद अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने पहली बार साल 2018 में भोपाल मध्य विधानसभा से जीत दर्ज की थी. इसके बाद जब साल 2023 में भाजपा की लहर चली, तब भी वह अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे. तब उन्होंने भाजपा के ध्रुव नारायण सिंह को हराया था.
पार्टी को अहम मुद्दों पर सुझाव देगी परिषद
एडवाइजरी काउंसिल के अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों, नीतियों और कार्यक्रमों पर पार्टी को सुझाव देने का काम करेगी. कांग्रेस का मानना है कि परिषद के गठन से अल्पसंख्यक समाज के मुद्दों को बेहतर ढंग से समझने और उन्हें प्रभावी तरीके से उठाने में मदद मिलेगी और पार्टी उनके समाधान की दिशा में भी काम कर सकेगी.