Last Updated:
Rishabh pant statement: दिल्ली कैपिटल्स से मिली 6 विकेट की करारी हार के बाद लखनऊ के कप्तान ऋषभ पंत का दर्द छलक पड़ा. उन्होंने कहा कि 141 रन बनाकर आप विपक्षी टीम पर दबाव नहीं डाल सकते. पंत ने स्वीकार किया कि बल्लेबाजों के बीच बड़ी साझेदारी न होना और 20 रनों की कमी टीम पर भारी पड़ी. वहीं, अपनी ओपनिंग और रन आउट पर बात करते हुए उन्होंने भविष्य की रणनीति के संकेत भी दिए. जानें हार के बाद कप्तान ने किसे ठहराया जिम्मेदार.
हार के बाद पंत का फूटा गुस्सा.
नई दिल्ली. ऋषभ पंत का गुस्सा दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मिली हार के बाद फूट पड़ा. उन्होंने स्वीकार किया कि जो काम टीम ने निकोलस पूरन और आयुष बडोनी को दिया था, उसे वो पूरा नहीं कर सके. लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान पंत ने आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ छह विकेट की हार के बाद स्वीकार किया कि उनके बल्लेबाजों ने पर्याप्त रन नहीं बनाए. सुपर जाइंट्स के 142 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने इंपेक्ट प्लेयर के रूप में उतरे समीर रिजवी की 47 गेंद में चार छक्कों और पांच चौकों से नाबाद 70 रन की पारी और ट्रिस्टन स्टब्स के नाबाद 39 रन की बदौलत जीत दर्ज कर ली. रिजवी और स्टब्स ने पांचवें विकेट पर 110 रन की अटूट साझेदारी की. दोनों ने 26 रन पर चार विकेट गंवाने के बावजूद 17.1 ओवर में चार विकेट पर 145 रन बनाकर जीत दर्ज की. सुपर जाइंटस की टीम इससे पहले तेज गेंदबाजों लुंगी एनगिडी (27/3) और टी नटराजन (29/3) की धारदार गेंदबाजी के सामने 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई. कुलदीप यादव (31/2) ने भी दो विकेट हासिल किए.
ऋषभ पंत ने मैच के बाद कहा, ‘बल्लेबाजी में हम बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए. योजना यह थी कि (निकोलस) पूरन पांचवें नंबर पर आकर बीच के ओवरों में जिम्मेदारी संभालें. हमें एक ऐसे खिलाड़ी की जरूरत थी जो ‘इंपेक्ट प्लेयर’ के तौर पर कुछ रन जोड़ सके क्योंकि एक अच्छी पिच पर हमारे पास काफी रन नहीं थे. हमने आयुष बडोनी के लिए एक खास भूमिका तय की थी कि जब हमारे शुरुआती विकेट जल्दी गिर जाएं तो वह उस समय छाप छोड़ सकें. नई गेंद से काफी मदद मिल रही थी लेकिन आप 140 रन (141 रन) बनाकर विपक्षी टीम पर दबाव नहीं डाल सकते. हमें 20 अतिरिक्त रन भी भारी पड़े.’
हार के बाद पंत का फूटा गुस्सा.
इस मैच में पारी का आगाज करने वाले पंत से जब यह पूछा गया कि क्या वह आगामी मुकाबलों में भी सलामी बल्लेबाज की भूमिका निभाएंगे तो उन्होंने स्पष्ट जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा, ‘यह 50-50 प्रतिशत वाला फैसला था लेकिन यकीनन आप मुझे शीर्ष क्रम में खेलते हुए देखेंगे.’ पंत दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए थे और उन्होंने इस पर कहा, ‘मेरे आउट होने से उबरने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि मैं इसे नजरअंदाजं करूं क्योंकि मैं इसे नियंत्रित नहीं कर सकता.’
दिल्ली को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 29 रन की जरूरत थी. रिजवी ने मोहसिन की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया. और फिर समद पर छक्के के साथ दिल्ली को जीत दिला दी. इस जीत से दिल्ली कैपिटल्स दो अंक लेकर 10 टीमों के पॉइंट टेबल में तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. राजस्थान रॉयल्स 2 अंकों के साथ पहले नंबर पर है.राजस्थान का नेट रनरेट आरसीबी और डीसी से बेहतर है इसलिए वह अंक तालिका में पहले नंबर पर है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें