मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के परसवाही गांव में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान अवैध हथियार लहराने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह परस्ते के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर परसवाही क्षेत्र में घेराबंदी की। इस दौरान शाहिल यादव (19) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में शाहिल यादव ने बताया कि यह हथियार उसे वीरेंद्र यादव (25) निवासी ग्राम दलदल, जिला सतना से मिला था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने वीरेंद्र यादव को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया। उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें उपजेल मैहर भेज दिया गया। बरामद हथियार की अनुमानित कीमत 10,500 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने बताया कि अवैध हथियारों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link