मुरैना में चंबल नदी के राजघाट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर जिला टास्क फोर्स ने वन, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के साथ छापामार कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान रेत माफिया द्वारा किए गए अवैध भंडारण को चिन्हित कर उसे नष्ट किया गया। प्रशासन ने मौके पर चार जेसीबी और तीन लोडर की मदद से कार्रवाई को अंजाम दिया। 100 सदस्यीय टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
जिला टास्क फोर्स के नेतृत्व में करीब 100 अधिकारी और कर्मचारी चंबल राजघाट पहुंचे। टीम ने मौके पर बड़ी मात्रा में अवैध रूप से जमा रेत का भंडारण पाया। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में मशीनों की सहायता से रेत को हटाकर नष्ट किया गया। 9300 ट्रॉली रेत का भंडारण मिला
अधिकारियों के अनुसार, मौके पर लगभग 9300 ट्रॉली (करीब 18,600 घन मीटर) अवैध रेत डंप मिली। इस रेत की बाजार कीमत करीब 1 करोड़ 86 लाख रुपए आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पूरे भंडारण को समाप्त किया गया। एसपी समीर सौरभ ने बताया कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और पत्थर परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि चंबल राजघाट पर बड़ी मात्रा में रेत भंडारण की सूचना पर संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्ती जारी रहेगी। पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
जिला टास्क फोर्स ने फरवरी माह में भी इसी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध रेत भंडारण को नष्ट किया था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 18 करोड़ रुपए बताई गई थी। इसके बाद भी क्षेत्र में दोबारा अवैध उत्खनन और भंडारण की गतिविधियां सामने आईं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। संबंधित मामलों की निगरानी की जा रही है और आगे भी संयुक्त टीम द्वारा कार्रवाई की जाएगी।
Source link