खंडवा संसदीय सीट से सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने अपने संसदीय क्षेत्र की रेल सुविधाओं को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। नई दिल्ली में हुई यह मुलाकात एक हफ्ते में दूसरी बार थी। उन्होंने खंडवा, बुरहानपुर और नेपानगर क्षेत्र की लंबित रेल मांगों को प्रमुखता से रखा। डीआरयूसीसी सदस्य पंकज नाटानी ने बताया कि सांसद पाटील ने रेल मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बुरहानपुर रेलवे स्टेशन के लिए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने ट्रेन संख्या 12533-34 लखनऊ-मुंबई पुष्पक एक्सप्रेस और 07053-54 बीकानेर-काचीगुड़ा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। उन्होंने इस संबंध में रेल मंत्री को एक पत्र भी सौंपा। सांसद ने बताया कि इन ट्रेनों के ठहराव से क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और लंबी दूरी की यात्रा सुविधाजनक हो सकेगी। इसी प्रकार, नेपानगर स्टेशन के लिए ट्रेन संख्या 17605-06 काचीगुड़ा-भगत की कोठी एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। साथ ही, कोरोना काल में नेपानगर में स्थगित की गई ट्रेनों को पुनः पूर्ववत शुरू करने का अनुरोध किया गया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील की लगातार सक्रियता के चलते अब क्षेत्र में इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद बढ़ गई है। यदि इन प्रस्तावों को मंजूरी मिलती है, तो खंडवा, बुरहानपुर और नेपानगर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इस मुलाकात के दौरान मध्य रेल समिति के सदस्य मनोज सोनी और नरेंद्र पाटील भी उपस्थित थे।
Source link