Last Updated:
मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है, जब महंगाई भत्ते (DA) में सरकार ने तीन प्रतिशत तक इजाफा करने का फैसला किया है. इससे लाखों परिवारों को राहत मिलेगी और मई महीने से कर्मचारियों की सैलरी बढ़कर भी आएगी.
MP सरकार ने बढ़ाया DA
रिपोर्ट-रामाकांत दुबे
Madhya Pradesh DA Hike Decision: मध्य प्रदेश सरकार ने सरकारी कर्मचारी को बड़ी राहते देते हुए महंगाई भत्ता (DA) बढ़ाने का फैसला किया है. जारी आदेश के मुताबिक अब सातवें वेतनमान के अंतर्गत कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से 3 प्रतिशत बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया गया है. यह फैसला राज्य के लाखों कर्मचारियों के लिए आर्थिक राहत लेकर आया है.
नया बढ़ा हुआ डीए 1 जुलाई 2025 से प्रभावशील माना जाएगा. हालांकि कर्मचारियों को इसका वास्तविक लाभ 1 अप्रैल 2026 (भुगतान महीना मई 2026) से प्राप्त होगा. महंगाई भत्ते में हुई वृद्धि का लाभ एक जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 तक की एरियर राशि का भुगतान छह समान किश्तों में दिया जाएगा. इन किश्तों का भुगतान मई, जून, जुलाई, अगस्त, सितंबर और अक्टूबर 2026 में किया जाएगा. सरकार इनका पैसा एक साथ नहीं देगी और 6 अलग-अलग किस्तों में जारी करेगी.
रिटायर हो चुके कर्मचारियों को भी मिलेगी पूरी राशि
वित्त विभाग के आदेश में भी यह भी बताया गया है कि जो कर्मचारी 1 जुलाई 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच रिटायर हो चुके हैं या जिनका निधन हो गया है. उन्हें या फिर उनके परिवार के नामांकित सदस्य को एरियर की पूरी राशि दी जाएगी.
प्रदेश सरकार पर पड़ेगा वित्तीय भार
प्रदेश में करीब 7.5 लाख कर्मचारियों को ये बड़ी सौगात मिली है. महंगाई भत्ता बढाने से वित्त विभाग के अनुमान के अनुसार, सरकार पर हर महीने लगभग 125 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ आएगा. एरियर समेत कुल वित्तीय भार करीब 600 करोड़ रुपये तक पहुंचेगा.
महंगाई से कर्मचारियों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री मोहन यादव पहले ही कह चुके हैं कि उनकी सरकार समाज के लिए हर वर्ग के लिए काम कर रही है. अब उनकी सरकार ने ऐसा फैसला लेकर कर्मचारियों का दिल जरूर जीत लिया है. क्योंकि इससे कर्मचारियों को महंगाई के बीच बड़ी राहत मिलेगी.