खरगोन के बाजार में धूम मचा रहे ग्लास कोटेड और 2 फीट के छोटू कूलर, इस मॉडल की भी खूब मांग,

खरगोन के बाजार में धूम मचा रहे ग्लास कोटेड और 2 फीट के छोटू कूलर, इस मॉडल की भी खूब मांग,


Last Updated:

Khargone Cooler Market: खरगोन और निमाड़ क्षेत्र की तेज गर्मी को देखते हुए दुकानों पर छोटे से लेकर बड़े साइज तक कई तरह के कूलर उपलब्ध हैं. खासतौर पर छोटे साइज के कूलर लोगों को ज्यादा पसंद आ रहे हैं. ये दिखने में छोटे होते हैं, लेकिन ठंडक देने में बड़े कूलर को टक्कर दे रहे हैं.

Khargone News: गर्मी का असर जैसे ही बढ़ना शुरू हुआ, वैसे ही खरगोन के बाजारों में कूलर की मांग तेजी से बढ़ गई है. तेज धूप और गर्म हवा से राहत पाने के लिए लोग अब तेजी से कूलर खरीद रहे हैं. एसी के मुकाबले सस्ते और आसान रखरखाव की वजह से इस बार भी कूलर लोगों की पहली पसंद बने हुए हैं. खास बात यह है कि इस बार बाजार में कई नए डिजाइन और फीचर्स वाले कूलर आए हैं, जिनकी बिक्री ज्यादा हो रही है.

खरगोन और निमाड़ क्षेत्र की तेज गर्मी को देखते हुए दुकानों पर छोटे से लेकर बड़े साइज तक कई तरह के कूलर उपलब्ध हैं. खासतौर पर छोटे साइज के कूलर लोगों को ज्यादा पसंद आ रहे हैं. ये दिखने में छोटे होते हैं, लेकिन ठंडक देने में बड़े कूलर को टक्कर दे रहे हैं. घर के कमरों और छोटी जगहों के लिए ये कूलर सबसे ज्यादा खरीदे जा रहे हैं.

छोटे साइज के कूलर की बढ़ी मांग
खरगोन के कुशवाह इलेक्ट्रॉनिक दुकान के विक्रेता लव कुशवाह ने बताया कि इस बार बाजार में 4 से 5 तरह के कूलर सबसे ज्यादा बिक रहे हैं. इनमें टॉवर कूलर, छोटे साइज के कूलर, ग्लास टॉप वाले कूलर और आइस चैंबर फीचर वाले कूलर शामिल हैं. लोग अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से कूलर खरीद रहे हैं. उन्होंने बताया कि छोटे साइज के कूलर खास तौर पर ऑफिस और छोटी दुकानों के लिए ज्यादा पसंद किए जा रहे हैं. इनका साइज करीब 1 से 2 फीट होता है, जिससे ये कम जगह में आसानी से रखे जा सकते हैं. इनकी कीमत करीब 2200 से 2300 रुपए तक है. छोटे होने के बावजूद इनमें हैवी मोटर और बड़ा पानी टैंक मिलता है, जिससे ये दूर तक ठंडी हवा देते हैं.

ग्लास कोटेड कूलर भी बने पसंद
इस बार मीडियम साइज के ग्लास कोटेड कूलर की भी बाजार में अच्छी बिक्री हो रही है. इनकी पूरी बॉडी ग्लास कोटेड होती है और ऊपर आइस बॉक्स की सुविधा भी मिलती है. इन कूलर की खास बात यह है कि इनमें कॉपर मोटर आगे की तरफ लगी होती है और फैन ब्लेड पीछे की तरफ रहते हैं. इससे मोटर पानी से सुरक्षित रहती है और जल्दी खराब नहीं होती. ये कूलर साइलेंट मोड में चलते हैं और कम आवाज करते हैं. साथ ही ठंडक भी एसी जैसी महसूस होती है. इसी वजह से घरों के लिए लोग इन कूलर को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. इनकी डिजाइन भी आकर्षक होती है, जिससे घर की सुंदरता भी बढ़ती है.

बड़े कार्यक्रमों के लिए बेहतर विकल्प
बड़े हाल, शादी समारोह या खुले एरिया के लिए इस बार जंबो साइज के कूलर की मांग भी बढ़ी है. ये कूलर दूर तक हवा फेंकते हैं और बड़े क्षेत्र में ठंडक देते हैं. इनमें बड़ा पानी टैंक होता है, जिससे बार-बार पानी भरने की जरूरत नहीं पड़ती है. इन जंबो कूलर में हैवी मोटर लगाई जाती है और ये मजबूत फाइबर मटेरियल से बने होते हैं. इससे इनकी लाइफ ज्यादा होती है और करंट का खतरा भी कम रहता है. बड़े आयोजनों के लिए लोग इन्हें ज्यादा खरीद रहे हैं.

फाइबर मटेरियल के कूलर की बढ़ी बिक्री
विक्रेता लव कुशवाह ने बताया कि इस बार बाजार में मेटल की जगह फाइबर मटेरियल से बने कूलर ज्यादा बिक रहे हैं. फाइबर में भी दो तरह की क्वालिटी आ रही है, जिसमें नार्मल और हेवी फाइबर शामिल हैं. इनमें से ज्यादातर ग्राहक हेवी फाइबर वाले कूलर खरीदना पसंद कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि फाइबर कूलर जल्दी खराब नहीं होते और लंबे समय तक चलते हैं. बाजार में इस समय 2000 रुपए से लेकर 15000 रुपए तक के अलग-अलग फीचर्स वाले कूलर उपलब्ध हैं. ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के हिसाब से कूलर खरीद रहे हैं और गर्मी से राहत पाने की तैयारी कर रहे हैं.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link