नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े नाम विराट कोहली और रोहित शर्मा के 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर अभी भी तस्वीर साफ नहीं है. पिछले साल टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद इन दोनों दिग्गज बल्लेबाजों का भविष्य लगातार चर्चा का विषय रहा है. टी20 इंटरनेशनल से पहले ही रिटायरमेंट ले चुके रोहित और विराट अब टीम इंडिया के लिए सिर्फ एक ही फॉर्मेट वनडे खेल रहे हैं, जिसमें दोनों का बल्ला जमकर बोल रहा है. बावजूद इसके टीम मैनेजमेंट की ओर से अब तक कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है कि साउथ अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में खिलाने को लेकर मैनेजमेंट उनके बारे में क्या सोच रहा है. न ही टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने इस पर कुछ साफ-साफ कहा है और न ही चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर की ओर से कोई बयान आया है.
क्या बोले युवराज?
2011 वर्ल्ड कप विजेता भारतीय टीम का अहम हिस्सा रहे ऑलराउंडर युवराज सिंह ने टीम इंडिया के आगामी वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर अपनी बात रखी है. उनका मानना है कि कोहली और रोहित में अभी भी 2027 वर्ल्ड कप खेलने की क्षमता है. हालांकि, उन्होंने मैनेजमेंट के उनके भविष्य को लेकर स्थिति साफ करने की बात कही. युवराज ने यह भी कहा कि हेड कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजित अगरकर के सामने युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की भी बड़ी जिम्मेदारी है. युवराज ने उदाहरण देते हुए यशस्वी जायसवाल का जिक्र किया और कहा कि वह अपने आखिरी वनडे में शतक लगाने के बावजूद टीम में नियमित जगह नहीं बना पा रहे हैं.
रोहित-विराट और जायसवाल को लेकर क्या बोले युवराज?
युवराज ने स्पोर्ट्स तक से कहा, ‘जो खिलाड़ी अपने करियर के आखिरी पड़ाव पर हैं, उन्हें स्थिति साफ करना बहुत जरूरी है. कप्तान, कोच और चयनकर्ताओं को उन खिलाड़ियों के साथ बैठकर उन्हें समझाना चाहिए कि वे चीजों को किस नजरिए से देख रहे हैं. हो सकता है कि बातचीत अच्छी न रहे, लेकिन कम से कम आपने अपनी तरफ से कोशिश तो की. यशस्वी जायसवाल को ही देख लीजिए, उन्होंने अपने पिछले वनडे में शतक बनाया था, लेकिन अभी वह बाहर बैठे हैं. आप जायसवाल को कब तैयार करेंगे? अगले साल वर्ल्ड कप है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर आप वर्ल्ड कप में जा रहे हैं, तो आपको कई मैच खेले हुए होने चाहिए. मैं यह नहीं कह रहा कि आपको किसी को टीम से बाहर कर देना चाहिए. लेकिन अगर आप 2027 का वनडे वर्ल्ड कप खेलने वाले हैं, तो आपको अभी से अपनी टीम की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए. आपको उन्हें कई मैच खेलने का मौका देना होगा. कोई फैसला लें, ऐसा न हो कि आखिरी मिनट में आपका कोई सीनियर खिलाड़ी चोटिल हो जाए और उसकी जगह लेने के लिए कोई युवा खिलाड़ी मौजूद ही न हो.’
‘रोहित-विराट से बैठकर बात करनी चाहिए’
पूर्व ऑलराउंडर का मानना है कि अगर भारत को 2027 वर्ल्ड कप जीतना है, तो अभी से स्क्वॉड तैयार करना जरूरी है. खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके देने होंगे ताकि अचानक किसी सीनियर खिलाड़ी के बाहर होने पर टीम असंतुलित न हो. कोहली और रोहित के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों के बीच युवराज ने साफ कहा कि सीनियर खिलाड़ियों के साथ खुलकर बातचीत होनी चाहिए. उनका कहना है कि भले ही बातचीत कठिन हो, लेकिन खिलाड़ियों को यह जरूर पता होना चाहिए कि टीम मैनेजमेंट आगे क्या सोच रहा है. इससे न तो कोई भ्रम रहेगा और न ही रिश्तों में खटास आएगी.
विराट-रोहित के साथ खेल चुके युवी ने कहा, ‘विराट कोहली की के लिए पिछली सीरीज जबरदस्त रही है. रोहित भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. अगर अगले डेढ़ साल में कोई ऐसी स्थिति आती है, तो ऐसा नहीं होना चाहिए कि आपकी दूसरी पंक्ति तैयार ही न हो. आजकल, ODI क्रिकेट ज्यादा नहीं खेला जाता. आप जिसे भी खिलाना चाहते हैं, यह पक्का करें कि आप उन्हें खेलने के लिए पर्याप्त समय दें.’
युवराज ने कहा, ‘सीनियर खिलाड़ी अहम होते हैं. मुझे नहीं पता कि रोहित और विराट के मन में क्या चल रहा है. ऐसा लगता है कि वे वर्ल्ड कप के बारे में सोच रहे हैं. लेकिन मुझे लगता है कि यह फैसला उन्हें और चयनकर्ताओं को मिलकर लेना होगा. इसमें पूरी स्पष्टता होनी चाहिए. आप सबको एक कमरे में बैठकर आपस में बातचीत करनी चाहिए. यह मुश्किल होता है. अगर कोई आपसे कहता है कि वे भविष्य की ओर देख रहे हैं, तो शायद आप उस बात को आसानी से स्वीकार न कर पाएं, लेकिन एक साल बाद, आप इस बात की तारीफ जरूर करेंगे कि किसी ने आपको पहले ही सब कुछ साफ-साफ बता दिया था.’