Census 2027: छतरपुर जिले में 1 अप्रैल 2026 से भारत में जनगणना का पहला चरण शुरू हो गया है. यह चरण 30 सितंबर तक चलेगा और इसमें खासतौर पर मकानों और परिवारों से संबंधित जानकारी जुटाई जानी है. जनगणना के पहले चरण में कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे. वहीं, दूसरा चरण फरवरी से शुरू किया जाएगा जिसमें लोगों की गिनती की जाएगी. जिसमें नाम उम्र, जाति और धर्म की जानकारी देनी होगी. हालांकि, पहले चरण में भी एससी-एसटी की जाति का डेटा इकट्ठा किया जाना है.
छतरपुर जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया लोकल 18 से बातचीत में बताते हैं कि छतरपुर जिले में भी 1 अप्रैल से जनगणना शुरू कर दी गई है. इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया गया है.
गलत जानकारी देने पर जुर्माना
सीईओ बताते हैं कि पहले चरण की इस जनगणना से जिले में आगे विकास योजनाएं और नीतियां बनती हैं. लोगों से अपील है कि वह गलत जानकारी न दें. औरइन सभी सवालों की सही जानकारी देना जरूरी है. अगर कोई व्यक्ति गलत जानकारी देता है या सहयोग नहीं करता, तो उस पर जुर्माना लगाया जा सकता है. Census Act 1948 के तहत 1,000 रुपये तक का जुर्माना लग सकता है. इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह सही और पूरी जानकारी दे.
पहली बार डिजिटल जनगणना
इस बार की जनगणना में एक नई सुविधा जोड़ी गई है, जिसे स्व-गणना (Self-Enumeration) कहा जाता है. इसका मतलब है कि अब लोग खुद भी अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकते हैं. https:// se.census gov.in/ पर लोग इन कर सकते हैं. इसके लिए परिवार का मुखिया या कोई भी सदस्य आधिकारिक पोर्टल पर जाकर मोबाइल नंबर और जरूरी जानकारी के साथ रजिस्ट्रेशन कर सकता है. इसके बाद वह अपने घर का स्थान मैप पर चुनकर आसानी से जानकारी जमा कर सकता है. यह सुविधा 16 भाषाओं में उपलब्ध होगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग इसका उपयोग कर सकें.
स्व-गणना करने पर एक 16 अंकों की आईडी बनाई जाएगी. जब सरकारी गणनाकर्ता घर पर वेरिफिकेशन के लिए आएंगे, तो यह आईडी उन्हें दिखाना जरूरी होगा. जनगणना में दी गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय रहेगी और इसका उपयोग किसी भी कानूनी या सरकारी लाभ के लिए नहीं किया जाएगा.
जनगणना में पूछे जाएंगे ये 33 सवाल
मकान से जुड़े सवाल
1. भवन नंबर
2. जनगणना मकान नंबर
3. फर्श किस चीज का बना है
4. दीवार किस चीज की बनी है
5. छत किस चीज की बनी है
6. मकान का उपयोग (रहने, दुकान आदि)
7. मकान की हालत कैसी है
परिवार से जुड़े सवाल
8. घर का नंबर (परिवार के लिए)
9. कुल कितने लोग रहते हैं
10. परिवार के मुखिया का नाम
11. मुखिया का लिंग (पुरुष / महिला / थर्ड जेंडर)
12. मुखिया किस वर्ग से है (SC/ST/अन्य)
13. मकान अपना है या किराए का
14. परिवार के पास रहने के लिए कमरों की संख्या
15. कितने शादीशुदा जोड़े हैं
सुविधा से जुड़े सवाल
16. पीने का पानी कहां से आता है
17. पानी की सुविधा घर में है या बाहर
18. बिजली/रोशनी का मुख्य साधन
19. शौचालय है या नहीं
20. शौचालय का प्रकार
21. गंदे पानी की निकासी कैसे होती है
22. नहाने की जगह है या नहीं
23. रसोई है या नहीं, LPG/PNG है या नहीं
24. खाना पकाने का मुख्य ईंधन
डिजिटल और सामान से जुड़े सवाल
25. रेडियो/ट्रांजिस्टर है या नहीं
26. टीवी है या नहीं
27. इंटरनेट सुविधा है या नहीं
28. लैपटॉप/कंप्यूटर है या नहीं
29. मोबाइल/फोन है या नहीं
वाहन और अन्य जानकारी
30. साइकिल/स्कूटर/बाइक है या नहीं
31. कार/जीप/वैन है या नहीं
32. परिवार कौन सा अनाज ज्यादा खाता है
33. मोबाइल नंबर (सिर्फ जनगणना के लिए)
बता दें, जनगणना सिर्फ एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह देश की योजना और विकास के लिए बहुत जरूरी कदम है. इससे सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि लोगों को किन सुविधाओं की जरूरत है और किन क्षेत्रों में सुधार की जरूरी है. ऐसे में सही जानकारी देना बहुत जरूरी है.