खेत खाली होते ही करवाएं ये टेस्ट, अगली पैदावार में मिलेगा मुनाफा ही मुनाफा

खेत खाली होते ही करवाएं ये टेस्ट, अगली पैदावार में मिलेगा मुनाफा ही मुनाफा


Soil Treatment Test: आजकल कई किसान शिकायत करते हैं कि पहले जैसी पैदावार नहीं हो रही. असल वजह है मिट्टी की बिगड़ती सेहत. लगातार रासायनिक खाद के इस्तेमाल से मिट्टी में जरूरी पोषक तत्व कम होते जा रहे हैं. इसका सीधा असर फसल की क्वालिटी और उत्पादन दोनों पर पड़ता है.

मिट्टी परीक्षण क्यों है जरूरी?
सागर कृषि विज्ञान केंद्र की मृदा वैज्ञानिक डॉ. वैशाली शर्मा बताती हैं कि हर किसान को 2 से 3 साल में एक बार मिट्टी का परीक्षण जरूर करवाना चाहिए. इससे पता चलता है कि खेत में कौन सा पोषक तत्व कम है और कितना उर्वरक डालना सही रहेगा.परीक्षण के बाद एक सॉइल हेल्थ कार्ड मिलता है, जिसमें मिट्टी की पूरी जानकारी होती है यानी आपकी जमीन की “हेल्थ रिपोर्ट”.

कौन-कौन से पोषक तत्व जरूरी हैं?
मिट्टी में तीन तरह के पोषक तत्व होते हैं:
मुख्य तत्व: नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटेशियम
द्वितीय तत्व: कैल्शियम, मैग्नीशियम, सल्फर
सूक्ष्म तत्व: जिंक, आयरन, कॉपर
इनमें से किसी की कमी या ज्यादा मात्रा, दोनों ही फसल को नुकसान पहुंचा सकती हैं. सही संतुलन ही अच्छी पैदावार की कुंजी है.

ऐसे लें मिट्टी का सही सैंपल
अगर आपके पास एक एकड़ खेत है, तो 5-6 जगह से मिट्टी लें. करीब 15 सेंटीमीटर गहराई से साइड की मिट्टी निकालें. सभी सैंपल को एक साथ मिलाकर कागज पर फैलाएं, फिर उसे बराबर हिस्सों में बांटते हुए एक छोटा हिस्सा रखें. उसमें से कचरा हटाकर साफ पॉलिथीन या कपड़े की थैली में भर लें. साथ में अपना नाम, आधार और खेत की जानकारी जरूर लिखें.

कहां करवाएं जांच?
मिट्टी का सैंपल आप कृषि विभाग की मृदा परीक्षण लैब, कृषि विज्ञान केंद्र या नजदीकी कृषि कॉलेज में जमा कर सकते हैं. कुछ दिनों बाद आपको सॉइल हेल्थ कार्ड मिल जाएगा, जिसमें साफ लिखा होगा कि किस खाद की कितनी जरूरत है.

सही समय क्या है?
मिट्टी का सैंपल लेने का सबसे अच्छा समय है फसल की कटाई के बाद या नई फसल बोने से पहले.इससे आपको सही समय पर सही जानकारी मिल जाती है और आप बेहतर प्लानिंग कर सकते हैं.

कम खर्च, ज्यादा मुनाफा
मिट्टी परीक्षण का सबसे बड़ा फायदा यही है कि आप जरूरत के हिसाब से ही खाद डालते हैं. इससे बेवजह खर्च नहीं होता और फसल भी बेहतर होती है. यानी कम लागत में ज्यादा उत्पादन हर किसान का सपना पूरा हो सकता है.



Source link