भिंड जिले में पिछले तीन दिनों से छाए बादल और रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी के बाद शनिवार सुबह मौसम साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। मौसम सुहावना होने और धूप खिलने से पककर तैयार गेहूं की फसल को नुकसान से बचाने की चिंता कर रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 31 और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं आगामी 2-3 दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। खेतों में रखी कटी फसल के सूखने की उम्मीद बढ़ी बीते बुधवार से जिले में मौसम लगातार बदल रहा था। खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार है और कई किसानों ने इसे काटकर खेतों में ही सुखाने के लिए रखा हुआ है। लगातार बादल छाने और बूंदाबांदी से इस कटी हुई फसल के खराब होने और सड़ने का खतरा मंडरा रहा था। शनिवार को आसमान साफ होने और तेज धूप निकलने से गीली फसल के सूखने की उम्मीद बढ़ गई है, जिससे अब किसान थ्रेसिंग का काम आसानी से कर सकेंगे। 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाएं शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी व मंद हवाएं चलीं, जबकि वातावरण में नमी का स्तर भी बना रहा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी दो से तीन दिनों तक दिन और रात के तापमान में हल्का बढ़ाव हो सकता है, लेकिन कुल मिलाकर मौसम सामान्य बना रहने की संभावना है।
Source link