Last Updated:
KKR vs PBKS Match weather report: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 12वां मैच कोलकाता नाइटराइडर्स और पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा, लेकिन इस मुकाबले को लेकर एक बुरी खबर आ रही है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को होने वाले मैच के दौरान बारिश होने का अनुमान है. केकेआर और पंजाब के बीच पीछले सीजन में मैच बारिश से धुला था.
पंजाब-केकेआर के मैच पर बारिश का साया
नई दिल्ली: मौजूदा सत्र में अपनी पहली जीत की तलाश कर रहे कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने सोमवार को पंजाब किंग्स के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग मुकाबले में मौसम की मार भी चुनौती बन सकती है. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के बुलेटिन के अनुसार मैच के दौरान बारिश का अनुमान है. बारिश के कारण मुकाबला बाधित या रद्द होने या कम ओवरों में होने की आशंका है.
केकेआर का अगला घरेलू मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ गुरुवार को है और इस मैच पर भी बारिश का खतरा है. पिछले सत्र में भी पंजाब किंग्स के खिलाफ केकेआर का घरेलू मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था. तब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स ने चार विकेट पर 201 रन बनाए थे. केकेआर का स्कोर जब बिना किसी नुकसान के सात रन था, तब बारिश ने खेल बाधित कर दिया और दोनों टीमों को अंक साझा करना पड़ा.
रविवार से कोलकाता में है बारिश जैसा मौसम
आईएमडी के अनुसार, ‘‘रविवार सुबह से लगातार बादल छाए हुए हैं और राज्य में रविवार से बृहस्पतिवार तक बारिश और तूफान के दौर चल सकते हैं जिनमें ओले और बिजली गिरने का अनुमान है. इस दौरान मंगलवार और बुधवार को तेज बारिश हो सकती था.’ रविवार को बारिश के कारण दोनों टीमों को अभ्यास सत्र रद्द करना पड़ा. ईडन गार्डन्स का आउटफील्ड ढक दिया गया और मैदान में कई जगह पानी जमा हुआ दिखाई दिया. पांच-पांच ओवर के मैच के लिए कट ऑफ समय रात 10 बजकर 46 मिनट है.
पंजाब किंग्स की हुई सीजन में दमदार शुरुआत
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स की बात करें तो उसकी शुरुआत दमदार हुई है. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब की टीम ने अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस को 2 विकेट से हराया था. पंजाब की दूसरी टक्कर चेन्नई सुपर किंग्स से हुई थी और उसमें टीम ने 5 विकेट से मैदान मारा था. ऐसे में अब केकेआर के खिलाफ उसकी कोशिश होगी कि वह जीत की हैट्रिक लगाए.
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें