वेयरहाउस में सड़ गया 35 करोड़ का गेहूं, रखरखाव पर 150 करोड़ खर्च, रायसेन में बड़ा घोटाला!

वेयरहाउस में सड़ गया 35 करोड़ का गेहूं, रखरखाव पर 150 करोड़ खर्च, रायसेन में बड़ा घोटाला!


Last Updated:

Raisen Warehouse Scam: मध्य प्रदेश के रायसेन में बड़ा घोटाला सामने आया है. यहां वेयरहाउस में रखा 22 हजार मीट्रिक टन गेहूं पूरी तरह सड़ गया. इसकी अनुमानित कीमत 35 करोड़ बताई जा रही है. चौंकाने वाली बात तो ये कि इस गेहूं के रखरखाव पर 150 करोड़ खर्च हो गए.

Zoom

खराब गेहूं.

Raisen News: मध्य प्रदेश के रायसेन में बड़ा घोटाला सामने आया है. गौहरगंज ओबेदुल्लागंज के ग्राम दिवाटिया के सरकारी वेयरहाउस में रखा लगभग 22 हजार मीट्रिक टन गेहूं पूरी तरह सड़ गया है. इस गेहूं की अनुमानित कीमत करीब 35 करोड़ रुपये बताई जा रही है. चौंकाने वाली बात तो ये कि इसे बचाने के नाम पर किराया, रखरखाव, परिवहन और कीटनाशक छिड़काव पर खर्च 150 करोड़ रुपये खर्च कर दिया गया. आलम ये कि अब यह अनाज पशुओं के चारे के लायक भी नहीं बचा.

किसके कहने पर गेहूं हुआ शिफ्ट?
किसान नेता राहुल गौर ने बताया, यह गेहूं सन 2017-18 में बकतरा में तुला था. 2022 में सीहोर जिले के बकतरा से रायसेन जिले के नूरगंज और दिवाटिया वेयरहाउस में शिफ्ट किया गया था. खास बात ये कि उस समय ही यह अफसरों ने बता दिया था कि ये गेहूं खराब है. लंबे समय तक अनाज को खुले में या अनुचित तरीके से रखने के कारण नमी और कीटों ने इसे पूरी तरह बर्बाद कर दिया. ये जांच का विषय है कि किस रसूकदार के कहने पर ये सब हुआ?

34 बार कीटनाशक छिड़काव
वेयरहाउस कॉरपोरेशन औबेदुल्लागंज के प्रबंधक सीएस डूडवे के अनुसार, बचाव के प्रयास में करीब 34 बार कीटनाशक छिड़काव किया गया, लेकिन इससे स्थिति और खराब हुई. अब यह गेहूं तेज दुर्गंध फैला रहा है और इसे किसी भी उपयोग में लाया जाना असुरक्षित माना जा रहा है. इसे जानवरों को भी नहीं दिया जा सकता. शासन के संज्ञान में नुकसान को लगाया गया है.

अब उठ रहे ये सवाल
बड़ा सवाल ये उठ रहा कि जब 2022 में ही नूरगंज और दिवाटिया वेयरहाउस में गेहूं खराब हो रहा था, तब प्रशासन ने इसे रखने की अनुमति कैसे दी? सीहोर से रायसेन शिफ्ट करने के पीछे किसकी मिलीभगत थी और किसके दबाव में यह फैसला लिया गया? रखरखाव के नाम पर इतना भारी खर्च करने के बावजूद अनाज को बचाने में नाकामी क्यों हुई? यह सरकारी खजाने की बर्बादी का स्पष्ट मामला है, जहां गरीबों के राशन और किसानों की मेहनत का अनाज सड़ गया.

इलाके के सारे वेयर हाउस की जांच
ओबेदुल्लागंज तहसीलदार नीलेश सरवटे नायब ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच होगी. उसके बाद जो निर्देश होगा, वो किया जाएगा. तहसील के सभी वेयर हाउस को चेक किया जा रहा है कि कहीं और गेहूं खराब तो नहीं हो रहा है.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें



Source link