सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पटपरा सहित आसपास के कई गांवों में तेज बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। यह घटना रविवार रात से सोमवार सुबह तक हुई। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9 बजे से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह 8 बजे तक जारी रही। इस दौरान तेज बारिश के साथ ओले भी गिरे, जिससे गेहूं, चना और मटर की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। खेतों में खड़ी फसलें गिर गईं और कई जगह बीज टूटकर जमीन पर बिखर गए। स्थानीय किसान रामजी तिवारी ने बताया कि इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी सारी मेहनत को नष्ट कर दिया है। उन्होंने कहा कि ओलावृष्टि इतनी तेज थी कि फसलें संभल नहीं पाईं। क्षेत्र के अन्य किसानों का भी यही हाल है। सभी प्रभावित किसानों ने शासन-प्रशासन से जल्द से जल्द सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है। चुरहट एसडीएम वीके आनंद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पटवारी को तत्काल मौके पर भेजकर निरीक्षण और फसल नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने बताया कि सर्वे रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link