इंदौर के कुशवाह नगर में ड्रेनेज लाइन के खुले चेंबर में युवक के गिरने की गंभीर घटना के बाद नगर निगम प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल ने मामले में लापरवाही पाए जाने पर प्रभारी उपयंत्री और ड्रेनेज सुपरवाइजर को काम से मुक्त कर दिया है, साथ ही उनके वेतन पर भी रोक लगा दी गई है। लापरवाही पर गिरी गाज जोन 17 के वार्ड 18 स्थित कुशवाह नगर मेन रोड पर हुए इस हादसे को निगम कमिश्नर ने गंभीरता से लिया। जांच में सामने आया कि काम के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। इस पर प्रभारी उपयंत्री वैभव शिवहरे और ड्रेनेज सुपरवाइजर गगन मालवीय को हाजिरी से मुक्त करते हुए उनके पारिश्रमिक भुगतान पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए गए। बैरिकेडिंग नहीं होने से हुआ हादसा प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, ड्रेनेज चेंबर की सफाई के लिए उसे खोला गया था, लेकिन मौके पर पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं की गई। इसी लापरवाही के चलते युवक खुले चेंबर में गिर गया। नगर निगम ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link