मंदसौर जिले की दलौदा तहसील में पदस्थ एक पटवारी के खिलाफ एक सरकारी कर्मचारी महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए महिला थाने में मामला दर्ज कराया है। आरोपी पटवारी कुलदीप मकवाना पर छेड़छाड़, पीछा करने और धमकी देने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पीड़िता स्वयं एक सरकारी विभाग में पदस्थ है। उसने शिकायत में बताया कि साल 2019 में काम के दौरान आरोपी से उसकी पहचान हुई थी। वर्ष 2021 में उसका स्थानांतरण मंदसौर हो गया, लेकिन इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन और मैसेज के माध्यम से संपर्क करने की कोशिश करता रहा। शादी का वादा कर संबंध बनाने का दबाव बनाया
पीड़िता के अनुसार, आरोपी अपनी पत्नी को तलाक देने और उससे शादी करने का दबाव बनाता था। वह बार-बार प्रपोज करता और शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी दबाव डालता था। परेशान होकर पीड़िता ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन वह अन्य नंबरों से कॉल और मैसेज कर उत्पीड़न करता रहा। पति को भेजे आपत्तिजनक संदेश
शिकायत में सामने आया है कि आरोपी ने पीड़िता के पति को अलग-अलग नंबरों से उसके चरित्र पर संदेह पैदा करने वाले मैसेज भेजे। इतना ही नहीं, उसने अपनी पत्नी के मोबाइल नंबर से भी संदेश भिजवाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके निजी चैट, फोटो और आधार कार्ड की तस्वीर बिना अनुमति के हासिल कर ली और इन्हें उसके पति को भेज दिया, जिससे वैवाहिक संबंधों में तनाव पैदा हुआ। इसी कारण उसके पति ने जनवरी 2025 में नीमच न्यायालय में तलाक का केस दायर किया, जो अभी विचाराधीन है। पीछा किया और छेड़छाड़ की पीड़िता के अनुसार, 17 फरवरी 2025 को आरोपी ने मंदसौर ऑफिस से जेतपुरा फंटे तक कार से उसका पीछा किया। 27 फरवरी 2025 की शाम को पार्किंग में उसका हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से भाग गया और जाते-जाते जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने एआई तकनीक का दुरुपयोग करते हुए उसकी आपत्तिजनक फोटो तैयार कर उसके पति को भेजी। साथ ही प्रोटोन मेल के जरिए लोकेशन ट्रैक कर जानकारी साझा करने का भी आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
महिला थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 78(2), 79 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, लेकिन वह फिलहाल फरार है। एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच के साथ आरोपी की तलाश जारी है।
Source link