Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम लगातार तीन हार झेल चुकी है. टूर्नामेंट में हार पर हार झेल रही टीम की परेशानी कप्तान रुतुराज गायकवाड़ या ओपनर संजू सैमसन नहीं हैं. इरफान पठान ने स्पिनर नूर अहमद को बताया टीम की कमजोर कड़ी.
चेन्नई सुपर किंग्स के ओपनर संजू सैमसन
नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में महेंद्र सिंह धोनी के बिना खेल रही चेन्नई सुपर किंग्स लगातार तीन हार झेल चुकी है. हार की हैट्रिक के बाद लोग कप्तान रुतुराज गायकवाड और ओपनर संजू सैमसन को इसकी बड़ी वजह मान रहे हैं. भारत के पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान ने बताया है कि नूर अहमद पांच बार की चैंपियन के लिए सबसे बड़ी चिंता बने हुए हैं. इस सीजन अब तक नूर ने करीब 10 ओवर फेंके हैं. 100 से ज्यादा रन दे चुके हैं और एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं. उनका इकॉनमी रेट 11.1 है, जिससे टीम की परेशानी और बढ़ गई है.
रविवार (5 अप्रैल) को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ CSK की 43 रन की हार का सामना करना पड़ा. मैच के बाद पठान ने सुझाव दिया कि नूर को अपने रन-अप में थोड़ा बदलाव करना चाहिए. उस मैच में नूर ने 4 ओवर में 49 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया. पठान ने अपने यूट्यूब वीडियो में कहा, “वह (नूर) फिलहाल CSK की सबसे बड़ी समस्या हैं. उन्होंने इस सीजन करीब 10 ओवर फेंके हैं और 100 से ज्यादा रन दे चुके हैं. उनके पास एक भी विकेट नहीं है. मुझे लगता है कि अगर वह अपने रन-अप का एंगल सही कर लें तो एलाइनमेंट बेहतर हो जाएगी. उनका हाथ जो एक तरफ गिर रहा है, वह भी सीधा हो जाएगा.”
इरफान पठान ने मैट हेनरी को लेकर भी जताई नाराजगी
पठान ने CSK के तेज गेंदबाज मैट हेनरी को लेकर भी अपनी नाराजगी जाहिर की और कहा कि उनके अनुभव के हिसाब से उन्हें बेहतर प्रदर्शन करना चाहिए था. पठान ने कहा, “मैं उनकी गेंदबाजी से बहुत निराश हूं क्योंकि वह काफी अनुभव लेकर आते हैं. उन्होंने पहले अच्छा प्रदर्शन किया है और इकॉनमी भी अच्छी रही है, लेकिन इस लीग में वह वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. एक अनुभवी गेंदबाज हाफ वॉली नहीं डालता. अंशुल कम्बोज ने विराट कोहली को बाउंसर डालकर आउट किया जब उन्होंने क्रीज से बाहर कदम रखा. मैट हेनरी ने विराट को बाहर आते देख भी फुल डिलीवरी डाल दी.”
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें