राजगढ़ में युवक का शव गमछे से लटका मिला: भेड़ चराने का काम करता था; माता-पिता का पहले हो चुका निधन – rajgarh (MP) News

राजगढ़ में युवक का शव गमछे से लटका मिला:  भेड़ चराने का काम करता था; माता-पिता का पहले हो चुका निधन – rajgarh (MP) News




राजगढ़ जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुरा गांव में बुधवार सुबह एक 27 वर्षीय युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर भोजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भेजा। मृतक की पहचान भवानीपुरा निवासी इंदर सिंह तंवर (27) के रूप में हुई है। वह भेड़ चराने का काम करता था और हाल ही में शनिवार को अपने गांव लौटा था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे उसके मामा जयसिंह किसी काम से घर पहुंचे तो इंदर सिंह का शव गमछे के सहारे कड़े से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। भोजपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भिजवाया गया। शव परिजनों को सौंप पुलिस जांच में जुटी
दोपहर करीब 3 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया जा रहा है कि इंदर सिंह अपने घर में अकेला रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी शादी भी नहीं हुई थी। युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसे लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आत्महत्या के कारणों का खुलासा करने और पूरे मामले की जांच में जुटी है।



Source link