Last Updated:
Chambal Illegal Mining Case: मुरैना जिले में रेत माफियाओं द्वारा वन आरक्षक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. गश्त के दौरान अवैध रेत उत्खनन रोकने पहुंचे वनकर्मी को ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचल दिया गया. घटना में वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई. आरोपी रेत माफिया घटना के बाद मौके से फरार हो गए और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है. जानिए इस खौफनाक घटना से जुड़ी पूरी जानकारी और प्रशासन की कार्रवाई.
मुरैना में रेत माफिया का खूनी खेल
Morena News: मुरैना जिले से एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक खबर सामने आई है, जिसने कानून व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात वन आरक्षक को ही मौत के घाट उतार दिया.
घटना दिमनी थाना क्षेत्र के रामपुर तिराहे के पास की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक, वन विभाग के आरक्षक हरिकेश गुर्जर इलाके में गश्त पर थे. इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि चंबल नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए ले जाया जा रहा है.
रेत माफियाओं के हमले से वन रक्षक की मौत
जब हरिकेश गुर्जर मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करने की कोशिश की, तो रेत माफियाओं ने उनकी बात मानने के बजाय उन पर ही हमला कर दिया. आरोप है कि माफियाओं ने ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे उनके ऊपर चढ़ा दी. इस हमले में वन आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे. लेकिन तब तक आरोपी रेत माफिया ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो चुके थे.
चंबल नदी में रेत माफियाओं का कब्जा
बताया जा रहा है कि चंबल नदी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन का खेल चल रहा है. कई बार प्रशासन की कार्रवाई के बावजूद माफिया बेखौफ होकर इस अवैध कारोबार को अंजाम देते हैं. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि रेत माफियाओं के हौसले कितने बढ़ चुके हैं.
पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. आसपास के इलाकों में नाकाबंदी भी की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ा जा सके.
इस घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन में भी नाराजगी देखी जा रही है. सवाल यह भी उठ रहा है कि आखिर कब तक ऐसे माफिया खुलेआम कानून को चुनौती देते रहेंगे और कार्रवाई करने वाले अधिकारियों की जान खतरे में डालते रहेंगे.
About the Author
Shweta Singh, currently working with News18MPCG (Digital), has been crafting impactful stories in digital journalism for more than two years. From hyperlocal issues to politics, crime, astrology, and lifestyle,…और पढ़ें