Last Updated:
Gwalior News: आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन यूपी के मथुरा में मिलने के बाद पुलिस की टीम मथुरा पहुंची, जहां एक लॉज से दोनों सगी बहनों को बरामद किया. इनको भगाकर ले जाने वाले राजकुमार और मनोज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
रिपोर्ट- सुशील कौशिक, ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर से लापता दो सगी बहनों को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा से बरामद कर लिया है. दोनों बहनों को पड़ोस में रहने वाले दो लड़के बहला-फुसलाकर ले गए थे. मथुरा ले जाकर उनके साथ दुष्कर्म किया. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है. मिली जानकारी के अनुसार, ग्वालियर के बिजौली गांव से 23 मार्च की रात दो सगी बहनें अपने घर से अचानक लापता हो गई थीं. लड़कियों की मां ने बिजली थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसमें बताया कि उनकी 19 साल और 17 साल की दो बेटियां घर से गायब हैं. पड़ोस में रहने वाले दो लड़के राजकुमार और मनोज भी घर से गायब हैं. दोनों लड़के उनकी बेटियों को बहला-फुसलाकर ले गए हैं.
पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी थी. 6 अप्रैल को आरोपियों के मोबाइल की लोकेशन मथुरा मिलने के बाद पुलिस की टीम मथुरा पहुंची, जहां एक लॉज से दोनों बहनों को बरामद किया. इनको भगाकर ले जाने वाले दोनों पड़ोसी लड़कों मनोज और राजकुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. ग्वालियर लाने के बाद लड़कियों का मेडिकल कराया गया और उनके बयान लिए गए. इसके बाद पुलिस ने राजकुमार और मनोज के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है.
महाराष्ट्र के बाद मथुरा मिली लोकेशन
ग्वालियर के एसडीओपी मनीष यादव ने कहा कि बिजौली थाना क्षेत्र की दो सगी बहनें अपने घर से कहीं चली गई थीं. यह पड़ोस के लड़कों के संपर्क में थीं. लड़कियों के माता-पिता द्वारा बिजौली थाने में अपराध पंजीकृत करवाया गया. केस दर्ज होने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की. पहले सूचना उनके महाराष्ट्र में होने की मिली लेकिन हाल ही में दोनों की लोकेशन मथुरा में मिली. पुलिस की एक टीम फौरन मथुरा को रवाना हुई और दोनों बहनों को सकुशल बरामद कर लिया. उनका मेडिकल कराया गया है.
आरोपियों ने किया था शादी का वादा
उन्होंने कहा कि पुलिस पूछताछ में बहनों ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले मनोज और राजकुमार उन्हें अपने साथ ले गए थे. उन्होंने उनसे शादी का वादा किया था. उन्होंने उनके साथ गलत काम किया है. चूंकि एक लड़की बालिग है और एक नाबालिग है. जिसके बाद पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच जारी है.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.