Last Updated:
Bhopal Rubat Dispute: मक्का-मदीना में भोपाल के हाजियों के ठहरने के लिए बनी ‘रुबात’ (धर्मशाला) का विवाद अब थाने तक पहुंच गया है. कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने अभिनेता सैफ अली खान की बहन सबा सुल्तान और सिकंदर हफीज के खिलाफ FIR दर्ज कराने की चेतावनी दी है.
भोपाल में फिर गरमाया रुबात विवाद.
रिपोर्ट: आचार्य शिवकांत
Bhopal News: मक्का-मदीना में स्थित भोपाल की ऐतिहासिक ‘रुबात’ (धर्मशाला) का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इस विवाद में अब अभिनेता सैफ अली खान की बहन सबा सुल्तान की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने सबा सुल्तान और सिकंदर हफीज के खिलाफ FIR दर्ज कराने का ऐलान किया है.
नवाबों की विरासत पर संकट
मक्का-मदीना में भोपाल के नवाबों ने ‘रुबात’ का निर्माण करवाया था. इसका मुख्य उद्देश्य भोपाल के हाजियों को वहां निःशुल्क ठहरने की सुविधा देना था. लेकिन, विधायक आरिफ मसूद का आरोप है कि सबा सुल्तान और सिकंदर हफीज की लापरवाही के कारण यह व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. मसूद ने इसे उनकी ‘जहालियत’ करार दिया है.
3 साल से हाजी हो रहे परेशान
आरिफ मसूद के अनुसार, पिछले तीन साल से भोपाल के हाजी मक्का-मदीना में दर-दर भटक रहे हैं. रुबात की सुविधा न मिल पाने का खामियाजा आम लोगों को उठाना पड़ रहा है. मसूद ने आरोप लगाया कि अपने करीबियों को फायदा पहुंचाने के लिए वक्फ की जमीन को इधर-उधर किया गया है.
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष से मुलाकात
इस गंभीर मुद्दे को लेकर विधायक आरिफ मसूद ने वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनोवर पटेल से मुलाकात की. मसूद ने कहा कि पहले भी इस मामले को सुलझाने के लिए सभी पक्षों के साथ मीटिंग की गई थी. मीटिंग में रुबात को दोबारा शुरू करने का फैसला हुआ था, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला.
जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनोवर पटेल का कहना है कि बोर्ड पहले इस पूरे मामले की अपने स्तर पर जांच करना चाहता है. वहीं, आरिफ मसूद ने स्पष्ट कर दिया कि अगर वक्फ बोर्ड जल्द हल नहीं निकालता, तो वे सीधे FIR दर्ज करवाएंगे. मसूद का दावा है कि उनके पास इस गड़बड़ी से जुड़े पुख्ता सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वे पुलिस को सौंपेंगे.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें