विदिशा में पुलिस बैंड ने दी देशभक्ति की प्रस्तुति: 679 आरक्षक भर्ती के लिए युवाओं को किया प्रेरित – Vidisha News

विदिशा में पुलिस बैंड ने दी देशभक्ति की प्रस्तुति:  679 आरक्षक भर्ती के लिए युवाओं को किया प्रेरित – Vidisha News




विदिशा में मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक (बैंड) भर्ती-2026 के 679 पदों के प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। शहर के विवेकानंद चौराहा (ईदगाह) पर पुलिस बैंड ने देशभक्ति धुनों की प्रस्तुति दी, जिससे वहां मौजूद लोगों में उत्साह देखने को मिला। यह कार्यक्रम पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के आह्वान और पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें 7वीं वाहिनी, विशेष सशस्त्र बल भोपाल के पुलिस बैंड दल ने देशभक्ति गीतों और धुनों की शानदार प्रस्तुति दी। इसे देखने के लिए बड़ी संख्या में शहरवासी, युवा और राहगीर मौके पर जमा हो गए। बैंड की प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली थी कि मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी देशभक्ति गीतों की धुन पर थिरकते दिखे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को पुलिस सेवा के प्रति आकर्षित करना भी था। 19 अप्रैल तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
इस अवसर पर अधिकारियों ने युवाओं को भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया कि यह पुलिस विभाग में शामिल होकर देश सेवा करने का सुनहरा अवसर है। कार्यक्रम में विधायक मुकेश टंडन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे, नगर पुलिस अधीक्षक अतुल सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी आनंद राज, सिविल लाइन थाना प्रभारी आर.के. मिश्र, यातायात थाना प्रभारी आशीष राय और रक्षित निरीक्षक भूर सिंह चौहान सहित पुलिस बल व बैंड स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरक्षक (बैंड) के 679 पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 5 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। यह 19 अप्रैल 2026 तक एमपी ऑनलाइन के माध्यम से जारी रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि में आवेदन कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने भर्ती से जुड़ी जानकारी हासिल की और आवेदन करने में रुचि दिखाई।



Source link