मुल्लांपुर. पिछले साल अच्छा प्रदर्शन करने वाली पंजाब किंग्स की टीम आईपीएल में अब तक संघर्ष कर रही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शनिवार को होने वाले मैच में अपनी फॉर्म बनाए रखने की कोशिश करेगी. पिछले साल की उपविजेता पंजाब किंग्स ने अभी तक जैसा प्रदर्शन किया है, उसे देखते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हुए पिछले मैच में अंक बांटने से वह खुश नहीं होगी. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने दिखा दिया है कि एक विजेता टीम का नजरिया कैसा होना चाहिए. चाहे वह चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 200 से ज्यादा रन का लक्ष्य आसानी से हासिल करना हो या मुल्लांपुर की मुश्किल पिच पर गुजरात टाइटन्स को हराना.
आईपीएल के इतिहास में इन दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 24 बार भिड़ंत हुई है. इन मुकाबलों के नतीजे चौंकाने वाले हैं. हैदराबाद की टीम ने अपनी घातक गेंदबाजी और सधी हुई बल्लेबाजी के दम पर 17 मैचों में जीत का परचम लहराया है. वहीं, पंजाब किंग्स की टीम केवल 7 मौकों पर ही जीत का स्वाद चख सकी है.
केकेआर के खिलाफ ईडन गार्डन्स में भी पंजाब किंग्स ने अच्छी शुरुआत की थी. उसके ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट ने शुरू में ही दो विकेट ले लिए थे, लेकिन भारी बारिश और आंधी के कारण उसे अंक बांटने पड़े. पिछले सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले ओपनर और विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह ने टीम के नजरिए को साफ कर दिया. उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स के खिलाड़ी ऑरेंज कैप या पर्पल कैप की दौड़ में नहीं हैं, बल्कि टीम की सामूहिक सफलता पर ध्यान दे रहे हैं.
पंजाब बनाम हैदराबाद हेड टू हेड रिकॉर्ड.
यह सोच कूपर कोनोली की गुजरात टाइटन्स के खिलाफ नाबाद 72 रन की पारी और विजयकुमार वैशाक की गेंदबाजी में भी दिखती है. जहां तक सनराइजर्स हैदराबाद की बात है, तो उसके लिए ऐसा नहीं कहा जा सकता. सनराइजर्स के टॉप ऑर्डर में दमदार बल्लेबाज हैं, लेकिन उनके नहीं चलने से टीम मुश्किल में है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ ऐसा देखा गया जब ट्रैविस हेड और अभिषेक शर्मा की ओपनिंग जोड़ी जल्दी आउट हो गई थी.
हर्षल पटेल और जयदेव उनादकट जैसे गेंदबाजों की नाकामी से सनराइजर्स की परेशानी और बढ़ गई है. उनके खिलाड़ी नीतीश कुमार रेड्डी और हेनरिक क्लासेन के एलएसजी के खिलाफ अच्छे प्रदर्शन से प्रेरणा लेने की कोशिश करेंगे. स्पिनर हर्ष दुबे ने पावरप्ले में अच्छा प्रदर्शन किया है और उनसे उम्मीद है कि वे अपनी फॉर्म बनाए रखें. उनादकट ने पिछले मैच में 23 गेंदों में 50 रन दे दिए थे और उन्हें इसकी भरपाई करनी होगी. बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज को एलएसजी के खिलाफ आखिरी ओवर में नौ रन बचाने थे, लेकिन वह इसमें नाकाम रहे.
टीम इस प्रकार है
पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अर्शदीप सिंह, प्रियांश आर्य, पाइला अविनाश, अजमतुल्लाह उमरजई, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, कूपर कोनोली, प्रवीण दुबे, बेन ड्वारशुइस, लॉकी फर्ग्यूसन, हरनूर सिंह, हरप्रीत बराड़, मार्को यानसन, मुशीर खान, विशाल निशाद, मिचेल ओवेन, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, विष्णु विनोद, विजयकुमार वैशाक, नेहल वढेरा, यश ठाकुर.
सनराइजर्स हैदराबाद: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, अमित कुमार, सलिल अरोड़ा, ब्रायडन कार्स, पैट कमिंस, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, ट्रैविस हेड, प्रफुल्ल हिंगे, हेनरिक क्लासेन, लियाम लिविंगस्टोन, ईशान मलिंगा, कामिंडु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, डेविड पायने, साकिब हुसैन, शिवम मावी, शिवांग कुमार, रविचंद्रन स्मरण, ओंकार तरमाले, जयदेव उनादकट, अनिकेत वर्मा, जीशान अंसारी.