MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…
भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम, कई अहम बैठकों की अध्यक्षता
भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव आज सीएम हाउस में लगातार बैठकों की अध्यक्षता करेंगे. सुबह 11 से 12 बजे तक कृषि लोक रंग से जुड़ी बैठक होगी, इसके बाद दोपहर 3 से 4 बजे तक बेगा महोत्सव आयोजन पर चर्चा होगी. शाम 5 से 6 बजे तक तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग की समीक्षा बैठक भी लेंगे. इसके साथ ही मध्य प्रदेश में आज से ‘नारी शक्ति वंदन’ पखवाड़े की शुरुआत हो रही है, जो 10 अप्रैल से 25 अप्रैल 2026 तक चलेगा. इस दौरान महिलाओं के सशक्तीकरण से जुड़े कार्यक्रम, विशेष ग्राम सभाएं और जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे. अभियान का शुभारंभ भोपाल के रविंद्र भवन में राज्य स्तरीय सम्मेलन के साथ होगा.
रायपुर में 6 घंटे का वाटर शटडाउन, कई इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित
रायपुर में पाइपलाइन लीकेज की मरम्मत के कारण 6 घंटे का वाटर शटडाउन लिया जाएगा, जिससे सैकड़ों घरों में पानी की सप्लाई प्रभावित होगी. यह काम पचपेड़ी नाका और तेलीबांधा थाना क्षेत्र के पास किया जाएगा. इस दौरान 150 MLD फिल्टर प्लांट की सप्लाई पर असर पड़ेगा और 11 टंकियों से शाम की जल आपूर्ति बंद रहेगी. लालपुर, अमलीडीह, मोवा सहित कई इलाकों में पानी की समस्या रहेगी. हालांकि, सुबह की सप्लाई के बाद शाम को पानी नहीं मिलेगा और 11 अप्रैल से जलप्रदाय सामान्य हो जाएगा.
रायपुर में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा आज फिर से आयोजित
रायपुर में 12वीं बोर्ड की परीक्षा आज सुबह 9 बजे से शुरू होगी. इससे पहले 14 मार्च को हुई हिंदी परीक्षा का पेपर लीक होने के बाद इसे दोबारा आयोजित किया जा रहा है. आज लाखों छात्र फिर से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेंगे। परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराने के लिए केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं.
रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा आज, 14 एजेंडों पर होगा मंथन
रायपुर नगर निगम की स्थगित सामान्य सभा की बैठक आज सुबह 11 बजे महात्मा गांधी सदन में आयोजित होगी. बैठक की अध्यक्षता सभापति सूर्यकांत राठौड़ करेंगे. इस दौरान 17 में से बचे 14 एजेंडों पर चर्चा और विचार किया जाएगा. साथ ही मेयर इन काउंसिल द्वारा पारित संकल्पों पर भी निर्णय लिया जाएगा.
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का व्यस्त कार्यक्रम, कई आयोजनों में होंगे शामिल
रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. वे सुबह 11:30 बजे नवा रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय मेमोरियल जाएंगे, जहां वे ऑल इंडिया हेल्थ साइंसेज वाइस चांसलर्स मीट 2026 में शिरकत करेंगे. इसके बाद दोपहर 1:00 बजे वे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास लौटेंगे. शाम 6:00 बजे वे VIP रोड स्थित राम मंदिर के लिए रवाना होंगे और शाम 7:20 बजे वापस मुख्यमंत्री निवास पहुंचेंगे.
उज्जैन में बच्चे को बचाने के लिए एनडीआरएफ का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
उज्जैन में एक बच्चे को बचाने के लिए एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है और देर रात से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है. घटना स्थल पर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है, जहां कलेक्टर और एसपी भी रात से मौजूद रहकर बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं. टीम द्वारा बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.
जबलपुर मेडिकल कॉलेज में अव्यवस्था, मरीजों को खुद ढोने को मजबूर परिजन
जबलपुर के महाकौशल क्षेत्र के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज और सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल में अव्यवस्थाओं की स्थिति सामने आई है. मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है, यहां तक कि परिजन खुद ही मरीजों को स्ट्रेचर पर लाने-ले जाने को मजबूर हैं. खराब सड़कों के कारण व्हीलचेयर और स्ट्रेचर से मरीजों के गिरने के मामले भी सामने आए हैं. मेडिकल हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. अरविंद शर्मा ने मैनपावर एजेंसी की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है और एजेंसी को नोटिस देकर जुर्माने की कार्रवाई की बात कही है. वहीं, मेडिकल कॉलेज के डीन नवनीत सक्सेना ने व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं और भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाने की बात कही है.