उज्जैन के ऋषि नगर में 10 लाख रुपए के आभूषण चोरी मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद कर लिए गए हैं। खास बात यह है कि वारदात को किराये पर रह रहे युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था। ऋषि नगर एक्सटेंशन निवासी केशव जोशी 9 अप्रैल को घर में ताला लगाकर कोचिंग गए थे, जबकि उनकी मां मायके त्रिप्ती परिसर गई हुई थीं। शाम करीब 7:30 बजे जब केशव लौटे, तो घर का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो करीब 10 लाख रुपए के सोने के आभूषण और नकदी गायब थे। इसके बाद उन्होंने नानाखेड़ा थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। सूचना मिली कि ऋषि नगर में हुई चोरी उसी मकान में रहने वाले किरायेदार वेदांत ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की है। आरोपी चोरी किए गए सोने के आभूषण बेचने के लिए तारामंडल क्षेत्र में ग्राहक की तलाश कर रहे थे। सूचना के आधार पर नानाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची, जहां तीन युवक संदिग्ध हालत में खड़े दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम वेदांत त्रिवेदी, मोहित दत्ता उर्फ मोंटी और अक्षत उर्फ अंशु बताए। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से 6 सोने की चूड़ियां, 3 अंगूठियां और कान के टॉप्स का एक जोड़ा जब्त किया गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर तीनों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में सीएसपी श्वेता गुप्ता, थाना प्रभारी नानाखेड़ा नरेंद्र कुमार यादव और उनकी टीम को सफलता मिली है।
Source link