गैंगवार में युवक को मारी गोली, 4दिन में तीसरी वारदात: धार्मिक नगरी में दहशत; आगजनी और फायरिंग में 6 बदमाश गिरफ्तार – Ujjain News

गैंगवार में युवक को मारी गोली, 4दिन में तीसरी वारदात:  धार्मिक नगरी में दहशत; आगजनी और फायरिंग में 6 बदमाश गिरफ्तार – Ujjain News




उज्जैन में गैंगवार की घटनाओं ने पुलिस की नींद उड़ा दी है। चार दिन में तीसरी वारदात सामने आई, जिसमें बीती रात शहर में फिर गोलीबारी हुई और एक युवक घायल हो गया। लगातार हो रही घटनाओं से धार्मिक नगरी में दहशत का माहौल है। वहीं, हिस्ट्रीशीटर बदमाश के घर में आगजनी के मामले में चिमनगंज पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों की धरपकड़ कर कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोमवार रात करीब एक बजे विष्णुपुरा निवासी लव सांडिया, दोस्त की बारात से लौटने के बाद हिरामिल क्षेत्र स्थित ब्रिज के नीचे खड़ी बाइक लेने जा रहा था। इसी दौरान उस पर पिस्टल से फायरिंग की गई, जिसमें वह घायल हो गया। लव के अनुसार, अनमोल और उसके साथी जय बच्चा ने पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया। एक गोली उसे छूकर निकल गई, जबकि दूसरी उसके पैर में लगी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर लव के दोस्त ध्रुव और देव मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत कार से अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही देवासगेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जय बच्चा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अनमोल फरार है। घायल लव ने बताया कि करीब एक साल पहले विशाल सांडिया से उसका विवाद हुआ था। अनमोल, विशाल का साथी है और उसी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। चार दिन में तीसरी घटना
10 अप्रैल को ढांचा भवन क्षेत्र में 12वीं के छात्र अतीक माहोरकर जांघ में गोली लगने से घायल हो गया था। अतीक, जिसे बदमाश रोशन का साथी माना जाता है, ने छंबू बुंदेला गैंग के सदस्य आला बाथम पर गोली मारने का आरोप लगाया था, हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मान रही थी। इसके बाद 11 अप्रैल की रात करीब एक दर्जन बदमाशों ने रौनक गुर्जर के घर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना का वीडियो दो दिन बाद वायरल होने पर पुलिस हरकत में आई। वहीं, 13 अप्रैल की रात एक बार फिर गोलीकांड ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। आधा दर्जन बदमाश गिरफ्तार
रौनक गुर्जर और बुंदेला गैंग के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही है। रौनक के घर में आगजनी के मामले में अब तक कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कमल परमार सहित आधा दर्जन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनका जुलूस निकाला। एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि लव पर गोली चलाने के मामले में जय को गिरफ्तार किया गया है, जबकि आगजनी प्रकरण में राहुल को पकड़ा गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।



Source link