छिंदवाड़ा में 40 डिग्री तापमान, गर्मी से हाल बेहाल: 2 दिन में 3 डिग्री उछला पारा; उल्टी-दस्त और माइग्रेन के मरीज बढ़े – Chhindwara News

छिंदवाड़ा में 40 डिग्री तापमान, गर्मी से हाल बेहाल:  2 दिन में 3 डिग्री उछला पारा; उल्टी-दस्त और माइग्रेन के मरीज बढ़े – Chhindwara News




छिंदवाड़ा में पिछले दो दिनों से पड़ रही तेज गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है जहां दो दिन पहले अधिकतम तापमान करीब 37°C था, वहीं अब यह बढ़कर 40°C तक पहुंच गया है। यानी महज 48 घंटों में लगभग 3 डिग्री सेल्सियस की तेज बढ़ोतरी हुई है। गर्मी का असर अब स्वास्थ्य पर भी साफ दिखने लगा है। जिला अस्पताल सहित निजी क्लीनिकों में उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है। डॉक्टरों के मुताबिक, पानी की कमी और डिहाइड्रेशन इसके प्रमुख कारण बन रहे हैं। इसके साथ ही तेज धूप और तापमान बढ़ने के चलते माइग्रेन की शिकायत लेकर आने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अप्रैल महीने में इस तरह की भीषण गर्मी पहले कम ही देखने को मिलती थी। हाल ही में हुई बारिश के बाद अचानक मौसम में बदलाव आया और अब तेज गर्मी ने लोगों को परेशान कर दिया है। लोगों को आशंका है कि यदि अप्रैल में ही यह हाल है, तो मई महीने में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने भी फिलहाल राहत के आसार नहीं जताए हैं। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में इसी तरह की गर्मी बनी रह सकती है। इधर, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन दोनों ने एडवाइजरी जारी कर दी है। लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव करने की सलाह दी गई है। गर्मी का असर शहर की सड़कों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं, वह भी पूरी सावधानी के साथ।



Source link