शिवपुरी शहर में मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक रैली निकाली गई। इसमें हजारों लोगों ने भाग लिया, जिससे पूरे शहर में उत्साह का माहौल बन गया। युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया, जो डीजे की धुन पर झूमते और नाचते हुए नजर आए। रैली में भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी सहित बहुजन समाज के हजारों लोग शामिल हुए। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहां जगह-जगह लोगों ने इसका स्वागत किया और कई स्थानों पर पुष्पवर्षा भी की गई।
रैली के दौरान बाबा साहेब के जयकारों से शहर गूंज उठा और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी अंबेडकर जयंती पर विभिन्न आयोजन हुए। कोलारस, बदरवास, रन्नौद सहित अन्य तहसील मुख्यालयों पर भी रैलियां निकाली गईं और कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में, शिवपुरी के मानस भवन में जिला स्तरीय हितग्राही सम्मेलन का आयोजन किया गया। मंत्री तोमर बोले- अंबेडकर मानवता को समर्पित रहे
इस कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन समानता, भाईचारे और मानवता के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में करैरा विधायक रमेश खटीक ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने कानून और समाजशास्त्र का गहन अध्ययन कर देश को संविधान के रूप में एक अमूल्य धरोहर दी है, जिससे देश के नागरिकों को मौलिक अधिकार और कर्तव्य प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कहा- वे महान समाज सुधारक थे
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर को एक महान समाज सुधारक बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने शिक्षा को समाज परिवर्तन का सबसे बड़ा माध्यम माना था। कलेक्टर ने सभी नागरिकों से अपने बच्चों को शिक्षित करने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मंच से लाभ वितरित किए गए। साथ ही, छात्र-छात्राओं को साइकिलें और किताबें भी प्रदान की गईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Source link