Last Updated:
भोपाल राजाभोज एयरपोर्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक के बैग से जिंदा कारतूस बरामद हुआ. बताया जा रहा है कि युवक इंडिगो फ्लाइट से दिल्ली जा रहा था. लेकिन फ्लाइट में चढ़ने से पहले बैग की तलाश के दौरान कारतूस मिली. इससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं.
भोपाल एयरपोर्ट पर फ्रांस के युवक से मिला कारतूस
Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के राजाभोज एयरपोर्ट पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक विदेशी युवक के पास से कारतूस मिलने की सूचना सामने आई. जैसे ही एयरपोर्ट सुरक्षा अधिकारियों को इस बारे में जानकारी मिली, तत्काल सतर्कता बढ़ा दी गई और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) व स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं. युवक को हिरासत में लेकर उससे गहन पूछताछ की गई.
बैग की तलाशी के वक्त मिला कारतूस
बताया जा रहा है कि फ्रांस का रहने वाला यह युवक वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफी के मकसद से भोपाल आया था. अपना काम पूरा करने के बाद वह भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना होने की तैयारी में था. इसी दौरान सुरक्षा जांच के वक्त उसके बैग की तलाशी ली गई, जिसमें एक कारतूस मिलने से सुरक्षा एजेंसियों में हलचल मच गई.
पुलिस हर पहलू की कर रही जांच
शुरुआती जांच और पूछताछ में यह कारतूस डमी बताया जा रहा है, जिससे किसी प्रकार का वास्तविक खतरा नहीं माना जा रहा. इसके बावजूद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच शुरू कर दी है. युवक को गांधी नगर थाने ले जाकर पूछताछ की गई, जहां पुलिस ने उससे और उसके गाइड से कई जरूरी सवाल किए. पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि यह कारतूस उसके पास कैसे पहुंचा और इसका इस्तेमाल कहां किया गया हो सकता है.
पूछताछ के बाद छोड़ा गया युवक
पूछताछ और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद फिलहाल युवक को छोड़ दिया गया है. लेकिन सुरक्षा एजेंसियां अब भी सतर्क हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पूरी तरह से नकारा जा सके.