Last Updated:
MP Weather Today: प्रदेश में नर्मदापुरम में सबसे अधिक गर्म रहा. दिन का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जिले में तीन दिनों से पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है.
16 और 17 अप्रैल को भीषण लू चलने की संभावना है.
रिपोर्ट- वासु चौरे/शैलेंद्र कौरव, भोपाल. मध्य प्रदेश में अब तेज गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. इस सीजन में पहली बार तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा है. 16 और 17 अप्रैल को प्रदेश के कई जिलों में भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है. नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. यहां पारा 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं भीषण गर्मी के मद्देनजर सागर और अशोकनगर में स्कूलों का समय बदल दिया गया है. नर्सरी से 12वीं तक की कक्षाएं सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेंगी.
मंगलवार को नर्मदापुरम प्रदेश में सबसे अधिक गर्म जिला रहा. यहां दिन का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. जिले में तीन दिनों से पारा 40 डिग्री के पार बना हुआ है. मंगलवार को दिन का तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज हुआ. राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण गर्मी बढ़ रही है. आने वाले दिनों में हीटवेव की संभावना बनी हुई है.
कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आने का अनुमान
मौसम विज्ञान संबंधी स्थितियों से जानकारी मिली है कि दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और उससे सटे राजस्थान के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण और दक्षिण असम से लेकर दक्षिण तमिलनाडु तक फैला एक उत्तर-दक्षिण गर्त और उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपर एक मजबूत उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम मौजूद है. 15 अप्रैल की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आने का अनुमान है. प्रदेश में अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी.
दोपहर में बाहर निकलने से बचें
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, दोपहर 12 बजे से तीन बजे के बीच बाहरी गतिविधियों से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और सीधी धूप में जाने से बचने की सलाह दी है. गर्मी के मौसम में बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें. IMD ने किसानों से अपील की है कि वे साफ मौसम में गेहूं और अन्य रबी फसलों की कटाई और थ्रेसिंग करें.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.