Last Updated:
MP Board 10th Result Topper Success Story: सीएम मोहन यादव ने मध्य प्रदेश बोर्ड रिजल्ट जारी करते हुए 10वीं की टॉपर प्रतिभा सिंह सोलंकी को बधाई दी. साथ ही कहा कि इस बार पन्ना से हीरा निकला है. सरस्वती ज्ञान मंदिर हाईस्कूल, गुनौर की छात्रा ने 500 में से 499 अंक लाकर पूरे प्रदेश में नाम रोशन किया है. प्रतिभा ने अपनी सफलता का राज भी न्यज 18 से शेयर किया. (रिपोर्ट: गणेश विश्वकर्मा)
मध्य प्रदेश बोर्ड की हाई स्कूल परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित होते ही पन्ना जिले की एक साधारण सी छात्रा ने पूरे प्रदेश में सनसनी मचा दी. सरस्वती ज्ञान मंदिर हाईस्कूल, गुनौर की कक्षा 10वीं की छात्रा प्रतिभा सिंह सोलंकी ने 500 में से 499 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है.
इस शानदार उपलब्धि से न केवल पन्ना जिला बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है. न्यूज 18 से विशेष बातचीत में प्रतिभा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया. उन्होंने कहा, ”मेरे पैरेंट्स और टीचर ने मुझे फुल सपोर्ट दिया. मैं रोजाना नियमित रूप से 4-5 घंटे पढ़ाई करती थी. मोबाइल का उपयोग बहुत कम करती थी. मैंने पूरी तरह से सेल्फ स्टडी की, कोई कोचिंग नहीं ली.”
प्रतिभा ने अपनी दिनचर्या के बारे में बताते हुए कहा, स्कूल से घर आकर सबसे पहले होमवर्क पूरा करती थी, फिर थोड़ी देर खेलती थी. रात में गंभीरता से पढ़ाई करती थी. जो भी रात में पढ़ा होता था, उसे सुबह रिवाइज जरूर करती थी. अगर कोई डाउट होता तो स्कूल में टीचर तुरंत समझा देते थे. घर पर भी पापा-मम्मी पढ़ाई में मदद करते थे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
सरस्वती ज्ञान मंदिर गुनौर जैसे छोटे स्कूल से इस मुकाम तक पहुंचना प्रतिभा की मेहनत, अनुशासन और स्मार्ट स्टडी का जीता-जागता उदाहरण है. 499 अंक पाकर प्रतिभा बेहद खुश है. वह कहती हैं, 499 अंक पाकर बहुत खुशी हो रही है. यह मेरे और मेरे परिवार के सपनों को साकार करने वाली उपलब्धि है.
इस उपलब्धि पर स्कूल प्रबंधन, शिक्षकगण और पन्ना जिले के लोग प्रतिभा को बधाई दे रहे हैं. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत कई नेताओं ने भी प्रतिभा को शुभकामनाएं दी हैं. परिणाम जारी करते वक्त तो सीएम ने कहा था कि पन्ना से हीरा निकला है. सीएम ने प्रतिभा की तुलना हीरे से की थी.