केन-बेतवा परियोजना पर 12 दिन बाद चिता आंदोलन स्थगित: प्रशासन के आश्वासन पर आदिवासी हटे, 10 दिन में मांगें पूरी न होने पर फिर आंदोलन – Chhatarpur (MP) News

केन-बेतवा परियोजना पर 12 दिन बाद चिता आंदोलन स्थगित:  प्रशासन के आश्वासन पर आदिवासी हटे, 10 दिन में मांगें पूरी न होने पर फिर आंदोलन – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर में केन-बेतवा लिंक परियोजना के तहत ढोडन बांध पर चल रहा 12 दिवसीय ‘चिता आंदोलन’ गुरुवार को समाप्त हो गया। आदिवासी महिलाओं और किसानों ने पन्ना व छतरपुर जिला प्रशासन के अधिकारियों से हुई बैठक के बाद सशर्त आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया। यह आंदोलन डूब क्षेत्र में उचित मुआवजा और पुनर्वास की मांग को लेकर किया जा रहा था। प्रशासन ने बैठक में आश्वासन दिया कि मुआवजे और पुनर्वास से जुड़ी विसंगतियों को दूर करने के लिए अधिकारी गांव-गांव जाकर सर्वे करेंगे। विशेष रूप से, एसडीएम स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति का आकलन करेंगे, ताकि पात्र हितग्राहियों को उनका हक मिल सके। प्रशासन ने 7 दिन में सर्वे और 10 दिन में समाधान का भरोसा दिया है। 10 दिनों में प्रोग्रेस नहीं तो फिर आंदोलन
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक कार्यकर्ता अमित भटनागर ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है, बल्कि इसे केवल 10 दिनों के लिए स्थगित किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रशासन ने मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं की, तो क्षेत्र में एक बार फिर बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस आंदोलन के दौरान बड़ी संख्या में आदिवासी महिलाएं और किसान ढोडन बांध स्थल पर डटे रहे। उन्होंने ‘चिता आंदोलन’ के माध्यम से प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया, जिससे प्रशासन पर दबाव बना और बातचीत का मार्ग प्रशस्त हुआ। अमित भटनागर ने कहा, “हमने प्रशासन को 10 दिन का समय दिया है। अगर हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे।”



Source link