दमोह के जबेरा में गुबरा-सिहोरा मार्ग पर गुरुवार शाम एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में 45 वर्षीय सीताबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति बेडी लाल गोड़ और पुत्र दशरथ गोड़ गंभीर घायल हो गए। तीनों बाइक पर सवार होकर मझौली से वापस अपने गांव चरगवां कूड़ा लौट रहे थे। सिंगपुर फॉरेस्ट बैरियर के पास हुई टक्कर जबलपुर जिले के निवासी यह परिवार जब मझौली से लौट रहा था, तभी सिंगपुर फॉरेस्ट बैरियर कटाव के पास तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय निवासी और 108 एंबुलेंस की मदद से घायल पिता-पुत्र को तत्काल मझौली स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सीसीटीवी कैमरे तलाश रही पुलिस सीग्रामपुर चौकी पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रधान आरक्षक रणधीर सिंह ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों और गवाहों के आधार पर फरार वाहन की तलाश कर रही है।
Source link