श्योपुर के बरगवां थाना क्षेत्र के जंगल में एक नाबालिग प्रेमी जोड़े का शव जंगल में एक पेड़ पर लटका मिला। एक दिन पहले दोनों घर से लापता हो गए थे। पुलिस के अनुसार, बुधवार को दोनों नाबालिगों के परिजनों ने उनके लापता होने की सूचना दी थी। इसके बाद पुलिस ने सर्च अभियान चलाया, जिसमें तकनीकी टीम की मदद भी ली गई। गुरुवार को जंगल में एक पेड़ से युवक और युवती के शव लटके हुए मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अपने-अपने घरों से बिना बताए निकले थे नाबालिग प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों नाबालिग प्रेमी-प्रेमिका 15 अप्रैल को अपने-अपने घरों से बिना बताए निकले थे। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस ने बताया कि मृतक युवक और युवती दोनों भिलाला समाज से संबंधित थे। पुलिस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। टीआई बोले-पीएम रिपोर्ट से पता चलेगी असल वजह बरगवां थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने जानकारी दी कि इस घटना पर मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ पाएंगे।
Source link