Last Updated:
RCB fans furious on choice of POTM: इंडियन प्रीमियर लीग 2025 की चैंपियन चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम अपने खिताब को बचाने के लिए दमदार खेल का प्रदर्शन कर रही है. आरसीबी का पिछला मैच लखनऊ सुपरजायंट्स के साथ हुआ, जिसमें टीम ने आसानी से जीत हासिल की. आरसीबी की इस जीत में युवा तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार ने दमदार खेल दिखाते हुए 4 विकेट लिए, लेकिन उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच नहीं मिला.
रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम आईपीएल 2026 में धूम मचा रही है. आरसीबी डिफेंडिंग चैंपियन भी है और 19वें सीजन में अबतक खेले गए अपने पांच मैचों में से 4 में जीत हासिल कर चुकी है. टीम का पिछला मैच लखनऊ सुपरजायंट्स से हुआ, जिसमें उसने 29 गेंद रहते ही मैच को 5 विकेट से अपने नाम किया, लेकिन इस जीत के साथ ही एक बवाल भी शुरू हो गया है.
दरअसल, आरसीबी की जीत के बावजूद टीम के फैंस नाराज हैं. उनकी नारजगी की वजह है प्लेयर ऑफ द मैच. लखनऊ के खिलाफ कसी हुई गेंदबाजी के लिए जोश हेजलवुड को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 20 रन देकर 1 विकेट लिया, लेकिन आरसीबी के फैंस का मानना है कि हेजलवुड इस अवॉर्ड को डिजर्व नहीं करते थे.
मैच में हेजलवुड के अलावा युवा तेज गेंदबाज रसिक सलाम डार ने दमदार गेंदबाजी की और चार ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए. इसके अलावा अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने भी तीन विकेट झटके. ऐसे में सोशल मीडिया पर फैंस मोर्चा खोलते हुए कह रहे हैं कि हेजलवुड, जिन्होंने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 1 विकेट लिए उनकी जगह रसिक सलाम को प्लेयर ऑफ द मैच मिलना चाहिए था.
Add News18 as
Preferred Source on Google
जीत के जश्न के बीच भी आरसीबी फैंस अपनी यह नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. फैंस का कहना है कि जो हुआ सो हुआ, लेकिन कम से कम अगले मैचों में रसिक सलाम को खिलाना जारी रखें और उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर न करें.
बता दें कि रसिक सलाम की घातक गेंदबाजी के आगे लखनऊ की बल्लेबाजी पूरी तरह से पस्त नजर आई. लखनऊ की ओर से मिचेल मार्श (40) और मुकुल चौधरी (39) ने थोड़ा संघर्ष किया, लेकिन उन्हें बाकी खिलाड़ियों का साथ नहीं मिला. इसके कारण निर्धारित 20 ओवरों में लखनऊ 146 रनों पर ऑल आउट हो गई.
लखनऊ के इस स्कोर के जवाब में आरसीबी की ओर से विराट कोहली ने 34 गेंदों में 49 रन बनाकर जीत की राह आसान कर दी. इसके अलावा रजत पाटीदार (27) और जितेश शर्मा (23) ने भी उनका साथ दिया, जिससे बेंगलुरु ने आसानी से जीत हासिल कर ली.