भिंड में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते गोहद कस्बे में सिलेंडरों का वितरण पुलिस की निगरानी में किया जा रहा है। हालात ऐसे बने हुए हैं कि थाने परिसर से सिलेंडर बांटने पड़ रहे हैं। करीब 25 हजार से अधिक आबादी वाले इस कस्बे में गैस एजेंसी न होने के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गोहद में पहले संचालित गैस एजेंसी बंद होने के बाद सभी उपभोक्ताओं के कनेक्शन आसपास की एजेंसियों में स्थानांतरित कर दिए गए थे। इससे एक ही एजेंसी पर दबाव बढ़ गया और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई। गुरुवार को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रामसिंह तोमर ने सौंधा स्थित बलराम गैस एजेंसी से सिलेंडर मंगवाकर गोहद थाने परिसर में वितरण कराया। प्रशासन का कहना है कि एजेंसी पर भीड़ बढ़ने और विवाद की आशंका के चलते यह व्यवस्था की गई। उपभोक्ता बोले- 15 दिन लेट आ रहे सिलेंडर
हालांकि, जमीनी स्थिति प्रशासन के दावों से अलग नजर आ रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्हें सिलेंडर के लिए 15-15 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों ने बताया कि 25 मार्च और उसके बाद बुकिंग कराने के बावजूद अब तक रिफिल नहीं मिली, जबकि बाद में बुकिंग करने वालों को सिलेंडर दे दिए गए। इससे एजेंसी संचालक पर मिलीभगत कर ब्लैक मार्केटिंग करने के आरोप लग रहे हैं। अधिकारी बोले- शादी का सीजन इसलिए खपत बढ़ी
जूनियर आपूर्ति अधिकारी रामसिंह तोमर का कहना है कि सहालग (शादी का सीजन) शुरू होने से गैस की खपत बढ़ गई है, जिससे अस्थायी समस्या पैदा हुई है। उन्होंने जांच कर सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। वहीं, उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। उपभोक्ता जैतून ने बताया कि एक माह पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। अन्य उपभोक्ताओं ने भी आरोप लगाया कि बुकिंग कराने वालों को नजरअंदाज कर सिलेंडर ब्लैक में बेचे जा रहे हैं। कुल मिलाकर, भिंड जिले में एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और प्रशासन के दावे कमजोर पड़ते नजर आ रहे हैं।
Source link