भिंड में बस ने ऑटो को मारी टक्कर: डेढ़ साल की बच्ची की मौत, मां समेत 6 घायल, एक की हालत गंभीर – Bhind News

भिंड में बस ने ऑटो को मारी टक्कर:  डेढ़ साल की बच्ची की मौत, मां समेत 6 घायल, एक की हालत गंभीर – Bhind News




भिंड के अटेर थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक तेज रफ्तार बस ने सड़क किनारे खड़े ऑटो में टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल की मासूम मानसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बायां जैतपुरा निवासी अरविंद कनेरे अपने परिवार के साथ पोरसा से एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चौम्हो के पास उन्होंने ऑटो सड़क किनारे खड़ा किया, तभी पीछे से आई तेज रफ्तार बस ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी एक अन्य बस से भी जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही घायलों को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। इस हादसे में मासूम मानसी की मौत हो गई, जबकि उसकी मां बबली (22), बसंती (55), गुड्डी देवी (50) सहित अन्य लोग घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं मुन्नी देवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। घटना में बस में सवार कुछ यात्रियों को भी मामूली चोटें आईं, जिन्हें अटेर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा गुरुवार रात करीब 9 बजे का बताया जा रहा है।



Source link