Last Updated:
Indore News: इंदौर के महू से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां दो बदमाशों ने जंगल में एक युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया. इसके अलावा आरोपियों ने युवती के साथी को भी लाठी-डंडों से मारकर भगा दिया. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.
इंदौर में युवती से दरिंदगी
रिपोर्ट-मिथिलेश गुप्ता
Indore News: इंदौर के महू विधानसभा क्षेत्र के बड़गोंदा थाना इलाके से एक गैंगरेप का मामला सामने आया है. जहां मंदिर दर्शन के बाद अपने साथी के साथ गई एक युवती को बदमाशों ने निशाना बनाया. आरोपियों ने पहले युवती के दोस्त के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे मौके से भगा दिया. इसके बाद युवती को जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी है.
दरअसल यह घटना बड़गोंदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लगनशाह भैरव बाबा मंदिर के पास की बताई जा रही है. जानकारी के मुताबिक युवक-युवती मंदिर में दर्शन करने के बाद जय जवान जय किसान तालाब के पास से जंगल की ओर गए थे. इसी दौरान दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और युवक के साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर उसे मौके से भगा दिया. इसके बाद आरोपियों ने युवती को जबरन जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
पुलिस ने दर्ज कर लिया मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए बड़गोंदा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान भी कर ली है और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
पुलिस ने पूरे एरिया में चलाया सर्च ऑपरेशन
एसपी ग्रामीण यांगचेन डोलकर भूटिया ने कहा कि यह 14 तारीख की घटना है. बिछिया जंगल में एक लड़की ने कॉल किया था. मामले को संज्ञान में लेते हुए हमने FIR दर्ज की. इसके बाद पूरे एरिया में सर्च ऑपरेशन चलाया. जंगल काफी बड़ा था और हमें रात में सफलता नहीं मिली. शुरुआती मेडिकल जांच में चोट के बारे में बताया गया है. बाकी हम जांच के बारे में बता सकते हैं. पीड़िता नाबालिग नहीं है.