मध्य प्रदेश में 25 शहरों का तापमान 40 डिग्री पार, 16 जिलों में लू की चेतावनी

मध्य प्रदेश में 25 शहरों का तापमान 40 डिग्री पार, 16 जिलों में लू की चेतावनी


Last Updated:

MP Weather Today: मध्य प्रदेश के 25 शहरों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस पार हो चुका है. खजुराहो में 42.2 डिग्री सेल्सियस, रतलाम में 42 डिग्री और नर्मदापुरम में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.

Zoom

बुधवार को छतरपुर का नौगांव सबसे गर्म रहा. (फोटो PTI)

रिपोर्ट- वासु चौरे, भोपाल. मध्य प्रदेश में गर्मी ने अपने तेवर तीखे कर दिए हैं. प्रदेश के 25 शहरों का तापमान 40 डिग्री पार हो चुका है. बुधवार को छतरपुर का नौगांव सबसे गर्म रहा. नौगांव का तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रहा. राज्य के 16 जिलों में लू की चेतावनी जारी की गई है. मौसम केंद्र भोपाल की ओर से सीजन में पहली बार इतने ज्यादा जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई जिले गर्म हवा की चपेट में हैं. जिन जिलों में लू का अलर्ट जारी गया है, वे हैं- रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांदुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट.

राज्य के 25 शहरों में पारा 40 डिग्री पार हो चुका है. खजुराहो में 42.2 डिग्री सेल्सियस, रतलाम में 42 डिग्री और नर्मदापुरम में तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं मंडला में तापमान 41.6 डिग्री, सतना में 41.5 डिग्री, सीधी में 41.2 डिग्री और शाजापुर में तापमान 41.01 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. उज्जैन में तापमान 39.5 डिग्री, ग्वालियर में 39.5, इंदौर में 39.8 डिग्री, भोपाल में 39.6 डिग्री और जबलपुर में तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं टीकमगढ़, धार, खरगोन और रीवा में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, उमरिया और दतिया में 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा. श्योपुर, दमोह, रायसेन में 40.4 डिग्री, गुना में 40.3 डिग्री, छिंदवाड़ा, मलाजखंड-बैतूल में 40.2 डिग्री, खंडवा में 40.1 डिग्री और सागर में पारा 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

दोपहर में न निकलें बाहर
खंडवा निवासी डॉक्टर योगेश शर्मा ने कहा कि खंडवा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है. इस मौसम में छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्ग और गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है. दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे के बीच बाहर निकलने से बचना चाहिए क्योंकि इस समय लू का खतरा सबसे ज्यादा रहता है. गर्मी के कारण हीट रैश, हीट एक्सॉशन, हीट क्रैम्प और सबसे खतरनाक हीट स्ट्रोक जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं. हीट स्ट्रोक में शरीर का तापमान 104 डिग्री तक पहुंच सकता है. ऐसे में फौरन अस्पताल जाना चाहिए. वहीं इन दिनों खंडवा के सरकारी अस्पतालों में ओपीडी की संख्या से लोगों के तेजी से बीमार पड़ने का अंदाजा लगाया जा सकता है. हर रोज 1500 तक मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं. इनमें ज्यादातर बुखार, उल्टी-दस्त और बदन दर्द के मरीज हैं.

About the Author

Rahul Singh

राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.



Source link