शिवपुरी कोतवाली क्षेत्र के बड़ी नौहरी में शराब ठेकेदार के गुर्गों ने कथित तौर पर कई हवाई फायर किए। इस दौरान उन्होंने एक पिता-पुत्र के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसमें पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में आबकारी विभाग की टीम पर भी मारपीट के आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार गुरुवार को बड़ी नौहरी में बंजारा परिवार द्वारा कच्ची शराब बनाए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना पर शराब ठेकेदार के गुर्गे और आबकारी विभाग की टीम दबिश देने पहुंची थी। पीड़ित सेठा बंजारा ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 5 बजे वह अपने बेटे राहुल बंजारा के साथ घर के बाहर खड़े थे। तभी तीन से चार वाहनों में सवार होकर कुछ लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार से उतरते ही तीन से चार हवाई फायर किए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और भगदड़ मच गई। लोग अपने घरों में छिप गए। कच्ची शराब रखने के शक में लाठियों से पीटा
इसी दौरान हमलावरों ने सेठा बंजारा और उनके बेटे राहुल को पकड़ लिया। उन्हें जमीन पर पटककर लाठियों से पीटा गया। मारपीट में सेठा के सिर में गंभीर चोट आई और खून बहने लगा, जबकि उनका बेटा भी घायल हो गया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सेठा बंजारा का आरोप है कि शराब ठेकेदार के गुर्गों के साथ आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद थे और उन्होंने भी मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, मौके पर कच्ची शराब नहीं मिली, फिर भी उनके साथ बेवजह मारपीट की गई। पीड़ित ने बताया कि वह आरोपियों में से पवन धाकड़ को पहचानता है, जबकि अन्य अज्ञात हैं। उनके अनुसार, कुछ लोग खाकी वर्दी में थे, जिन्हें आबकारी विभाग के कर्मचारी बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल पिता-पुत्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। कोतवाली पुलिस ने सेठा बंजारा की शिकायत पर आरोपी पवन धाकड़ और अन्य अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 125, 296(ए), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले में आबकारी विभाग की भूमिका को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जब इस संबंध में वृत्त प्रभारी तीर्थराज भारद्वाज से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
Source link