Last Updated:
MP Board 12th Result 2026 Commerce Topper: भोपाल की चांदनी विश्वकर्मा ने कॉमर्स में 500 में से 494 नंबर लाकर इतिहास रच दिया है. चांदनी भीम नगर बस्ती में रहती हैं. अब उनकी इस सफलता का जश्न पूरी बस्ती मना रही है. देखिए कैसे दो कमरे के मकान और तंग गलियों के बीच रहने वाली चांदनी ने सफलता हासिल की…
MP Board Result: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MP Board) ने 10वीं और 12वीं के रिजल्ट जारी कर दिए हैं. पूरे प्रदेश समेत राजधानी भोपाल की बेटियों ने भी कमाल कर दिया. भोपाल के भीम नगर की तंग गलियों में रहने वाली चांदनी विश्वकर्मा 12वीं कॉमर्स की स्टेट टॉपर हैं. चांदनी को 500 में 494 नंबर मिले हैं. दो कमरों के मकान में 4 सदस्यों का परिवार रहता है.
यहीं रहकर चांदनी ने कठिन परिस्थियों में इतिहास रचा. वल्लभ भवन के सामने बसी भीम नगर बस्ती से जब चांदनी मुख्यमंत्री मोहन यादव से मिलने रविंद्र भवन के लिए निकलीं तो पूरी बस्ती में बधाई देने वालों को तांता लग गया. ये देख मां-बाप का सिर फक्र से उठा तो आंखों में खुशी के आंसू भी आ गए. लोकल 18 टीम को चांदने ने बताया कि कैसे उन्होंने तैयारी की और इस मुकाम तक पहुंचीं.
संकरी गलियों में गूंज रहा चांदनी का नाम
एमपी बोर्ड की कॉमर्स टॉपर चांदनी विश्वकर्मा की सफलता इतना मायने क्यों रखती है? अगर आपको ये समझना है तो आपको चांदनी के घर जाने वाली उन तंग गलियों से गुजरना पड़ेगा, जहां एक बार में सिर्फ एक आदमी निकलने जितनी जगह है. अब उन्हीं गलियों में चांदनी की सफलता गूंज रही है. चांदनी के परिवार में उनका एक छोटा भाई 8वीं क्लास में पढ़ रहा है. वहीं, माता-पिता नौकरी करते हैं.
आर्मी में लेफ्टिनेंट बनना सपना
चांदनी विश्वकर्मा बताती हैं, मैं महीने भर का शेड्यूल फॉलो करती थी. हर दिन टार्गेट रखती थी. मेरा फोकस रहता था कि हर दिन का टार्गेट पूरा करूं. मेरी आदत थी कि पेपर देकर आने के बाद मैं चेक करती थी कि कितने नंबर कट रहे हैं. जब रिजल्ट आया तो थोड़ा डर था, लेकिन मैंने जो जोड़ा था पहले उसी के आसपास मेरा रिजल्ट आया है. चांदनी का सपना आर्मी में लेफ्टिनेंट बनकर देश सेवा करना है. चांदनी ने NDA की परीक्षा भी दी है, जिसका रिजल्ट आना बाकीं है.
मां बोली… आज पूरा घर ‘चांदनी’ से भर गया
चांदनी विश्वकर्मा के 12वीं कक्षा में टॉप करने पर उनकी मां विमला विश्वकर्मा ने Local18 से कहा, हमारी खुशी का ठिकाना नहीं है. जैसे नाम है, वैसा ही आज हुआ है. चांदनी की चांदनी से पूरा घर भर गया है. मां ने बताया कि वह स्कूल में साफ-सफाई, खाना बनाने और देखभाल का काम करती हैं. कहा, ‘अब उम्मीद करती हूं कि बेटी जीवन में आगे कुछ अच्छा करे और हम लोगों का भी अच्छा ही होगा’. मां ने चांदनी की मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर कहा, हमारी बच्ची आज इन गलियों से निकलकर मुख्यमंत्री से मिलने जा रही है, बहुत अच्छा लग रहा है.
आज मेरी बेटी ने कमाल किया, कल आपकी करेगी!
इस मॉडर्न वर्ल्ड में भी बेटियों को बोझ समझने वाले लोगों को लेकर टॉपर चांदनी विश्वकर्मा की मां कहती हैं, कभी बेटियों को बोझ न समझें, आज जो मेरी बेटी ने करके दिखाया है. आगे चलकर सबकी बेटियां करके साबित करेंगी. चांदनी के पिता रामभवन विश्वकर्मा ने एमपी बोर्ड में बेटी के टॉप करने पर कहा, आज मैं बहुत खुश हूं. बेटी ने इतिहास रच दिया है. मुझे गर्व है. मेरी बेटी जैसी बेटी भगवान सबको दे.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें