38 डिग्री गर्मी में परिजनों ने बीमार महिला को छोड़ा: नीमच में पांच महीने से छत पर रह रही; रेस्क्यू टीम ने बचाया – Neemuch News

38 डिग्री गर्मी में परिजनों ने बीमार महिला को छोड़ा:  नीमच में पांच महीने से छत पर रह रही; रेस्क्यू टीम ने बचाया – Neemuch News




नीमच शहर में एक मानसिक रूप से बीमार महिला को उसके परिजनों ने भीषण गर्मी में खुली छत पर छोड़ दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग और नीमच सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार शाम कार्रवाई करते हुए महिला को रेस्क्यू कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यह घटना इंदिरा नगर भगवानपुरा चौराहे पर हुई। लगभग 40 वर्षीय महिला 38 डिग्री सेल्सियस की तेज धूप में सिर्फ एक चादर के सहारे छत पर लावारिस हालत में मिली। रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित नीचे उतारा। जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान सीमा पति अजीत सोनी के रूप में हुई है। वह लंबे समय से मानसिक अवसाद से पीड़ित है। विभाग को इस मामले की सूचना एक गुमनाम फोन कॉल और वीडियो क्लिपिंग के माध्यम से मिली थी। सूचना मिलने के बाद महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव, नीमच सिटी थाना प्रभारी पुष्पा सिंह और एडवोकेट मीनू लालवानी की टीम शाम करीब 4 बजे घटनास्थल पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि सीमा पिछले 10 वर्षों से मानसिक रूप से बीमार है। हालांकि, स्थानीय लोगों के अनुसार, महिला को लगभग चार-पांच महीनों से इसी तरह छत पर खुले में छोड़ा जा रहा था। रेस्क्यू के समय घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुनर्वास को लेकर कानूनी सलाह लेंगे परियोजना अधिकारी दीपिका नामदेव ने बताया कि महिला का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। विभाग अब उन परिस्थितियों की जांच कर रहा है जिनके तहत महिला के साथ यह व्यवहार किया गया। उपचार पूरा होने के बाद महिला के पुनर्वास और उसकी आगे की देखभाल के संबंध में उचित कानूनी निर्णय लिया जाएगा। मामले की विस्तृत जांच जारी है।



Source link