Last Updated:
virat kohli statement: विराट कोहली ने चोटिल होने के बावजूद लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ 49 रन की पारी खेलकर अपनी टीम को चौथी जीत दिलाई. जीत के बाद विराट का दर्द छलक उठा. उन्होंने कहा कि उनका घुटना पूरी तरह से ठीक नहीं हुआ है. फिर भी वह खेलना चाहते थे. विराट इस बात से दुखी हैं कि वह मैच को फिनिश नहीं कर सके. उन्होंन कहा कि उन्हें एलएसजी के खिलाफ मैच को खत्म करके लौटना चाहिए था.
चोटिल विराट कोहली का छलका दर्द.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर जब विराट कोहली का बल्ला बोलता है, तो रिकॉर्ड्स खुद-ब-खुद सजने लगते हैं. लेकिन लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ मिली जीत की कहानी सिर्फ रनों की नहीं, बल्कि ‘किंग कोहली’ की जिजीविषा और उनके कभी न हार मानने वाले जज्बे की है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ को 5 विकेट से करारी शिकस्त दी, लेकिन इस जीत के नायक विराट कोहली ने मैच के बाद एक ऐसा खुलासा किया जिसने उनके फैंस को हैरान कर दिया. मैच खत्म होने के बाद जब प्रजेंटेशन सेरेमनी में विराट कोहली से उनकी फिटनेस पर सवाल किया गया, तो उन्होंने अपनी तकलीफ को साझा किया. कोहली ने स्वीकार किया कि वह अभी भी 100 प्रतिशत फिट नहीं हैं.
विराट कोहली (Virat Kohli) ने कहा, ‘मेरा घुटना पिछले मैच की तुलना में काफी बेहतर है, लेकिन पूरी तरह ठीक नहीं हुआ है. पिछले मैच के दौरान घुटने में काफी सूजन थी. इतना ही नहीं, पिछले 4-5 दिनों से मेरी तबीयत भी नासाज थी और मैं स्वास्थ्य के लिहाज से भी अच्छा महसूस नहीं कर रहा था. ‘ इतनी चुनौतियों के बावजूद कोहली मैदान पर उतरे और न केवल फील्डिंग की, बल्कि 34 गेंदों में 49 रनों की आक्रामक पारी खेलकर मैच का रुख ही पलट दिया. कोहली ने थोड़ा अफसोस जताते हुए कहा कि उन्हें अंत तक टिककर मैच खत्म करना चाहिए था, लेकिन वह अपने ‘जज्बे’ से खुश हैं.
चोटिल विराट कोहली का छलका दर्द.
पावरप्ले में ही छीन लिया मैच
147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी को पता था कि पिच धीमी है और रन बनाना आसान नहीं होगा. ऐसे में विराट कोहली ने एक अलग रणनीति अपनाई. उन्होंने पिच की स्थिति को भांपते हुए पावरप्ले का भरपूर फायदा उठाया. कोहली ने अपनी पारी में 6 चौके और 1 शानदार छक्का जड़कर लखनऊ के गेंदबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया.
‘पावरप्ले में ही विपक्षी टीम से मैच छीन लेना है’
पिच के बारे में बात करते हुए कोहली ने कहा, ‘पिच पर घास कम थी और यह उम्मीद से ज्यादा धीमी खेल रही थी. गर्मी की वजह से भी बर्ताव बदल गया था. मेरा इरादा साफ था कि पावरप्ले में ही विपक्षी टीम से मैच छीन लेना है. कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (10) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की, जिसने जीत की नींव रखी.
आठ अंक लेकर टॉप पर पहुंची आरसीबी
रसिख सलाम और भुवनेश्वर कुमार की तूफानी गेंदबाजी के बाद विराट कोहली की अगुआई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम लखनऊ सुपर जायंट्स को पांच विकेट से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई. सुपर जाइंट्स के 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोहली की 34 गेंद में छह चौकों और एक छक्के से 49 रन की पारी की बदौलत 29 गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 149 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की. सुपर जायंट्स की ओर से प्रिंस यादव (32 रन पर तीन विकेट) ने तीन जबकि आवेश खान (23 रन पर दो विकेट) ने दो विकेट चटकाए लेकिन अपनी टीम को पांच मैच में तीसरी हार से नहीं बचा पाए. इस जीत से बेंगलुरु की टीम पांच मैच में चार जीत से आठ अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है. राजस्थान रॉयल्स के भी आठ अंक हैं लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर है.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें