बटलर ने टी20 में बनाया ‘तिहरा शतक’ का कीर्तिमान, ऐसा करने वाले चौथे क्रिकेटर

बटलर ने टी20 में बनाया ‘तिहरा शतक’ का कीर्तिमान, ऐसा करने वाले चौथे क्रिकेटर


Last Updated:

Jos Buttler 300 Catches in T20 Cricket: गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच हुए आईपीएल 2026 के मुकाबले में जोस बटलर ने एक अनोखा कीर्तिमान नाम कर लिया. दरअसल, बटलर ने टी20 क्रिकेट में 300 कैच पूरे कर लिए हैं. जोस बटलर टी20 क्रिकेट में 300 कैच लेने वाले महज चौथे खिलाड़ी और दूसरे विकेटकीपर हैं.

केकेआर की पारी के दौरान कगिसो रबाडा की गेंद पर अंगकृष रघुवंशी का कैच पकड़ने के साथ ही बटलर ने यह खास मुकाम हासिल किया. जोस बटलर टी20 क्रिकेट में 300 कैच लेने वाले महज चौथे खिलाड़ी और दूसरे विकेटकीपर हैं. क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में सर्वाधिक कैच लेने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर कीरोन पोलार्ड के नाम दर्ज है. पोलार्ड ने टी20 में 405 कैच पकड़े हैं. वहीं, इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर डेविड मिलर का नाम है, जिन्होंने 332 कैच लिए हैं, जबकि क्विंटन डी कॉक 316 कैच के साथ सूची में तीसरे नंबर पर काबिज हैं.

बटलर का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में अब तक शानदार रहा. उन्होंने गुजरात टाइटंस की ओर से खेलते हुए इस मैच से पहले तक 4 पारियों में 158 के स्ट्राइक रेट से 176 रन बनाए. बटलर ने इस दौरान दो अर्धशतक भी लगाए. आखिरी मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बटलर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 गेंदों में 60 रनों की दमदार पारी खेली थी. उन्होंने अपनी इस पारी में 11 चौके लगाए थे.

हालांकि, इस मुकाबले में वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए. बटलर शानदार लय में जरूर दिखे, लेकिन 25 रन बनाकर वरुण चक्रवर्ती ने अपने जाल में फंसाकर उन्हें कैच आउट करा दिया. बटलर ने दो चौके और दो छक्के लगाए. उल्लेखनीय है कि टी20 विश्व कप 2026 में बटलर रनों के लिए जूझते नजर आए थे. इंग्लैंड के अनुभवी विकेटकीपर-बल्लेबाज बटलर टूर्नामेंट में खेली 8 पारियों में 10.87 की औसत और 116 के मामूली स्ट्राइक रेट से खेलते हुए सिर्फ 87 रन ही बना सके थे.

Add News18 as
Preferred Source on Google

नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की पूरी टीम 20 ओवर में 180 रन बनाकर ऑलआउट हुई. टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की शुरुआत अच्छी नहीं रही. अजिंक्य रहाणे को मोहम्मद सिराज ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा. नंबर तीन पर उतरे अंगकृष रघुवंशी भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 4 गेंदों में सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुए. टिम सीफर्ट भी 14 गेंदों का सामना करने के बाद 19 रन बनाकर आउट हुए. 32 के स्कोर पर 3 विकेट गंवाकर मुश्किल में दिख रही केकेआर की पारी को कैमरून ग्रीन ने संभाला. एक तरफ विकेट गिरे रहे, लेकिन ग्रीन ने एक छोर संभाले रखा और शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 गेंदों में 79 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में ग्रीन ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए.

इस मुकाबले के लिए गुजरात टाइटंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया. वहीं, केकेआर की टीम एक बदलाव के साथ मैदान पर उतरी. फिन एलन की जगह पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने टिम सीफर्ट को अंतिम एकादश में शामिल किया है. जीटी ने आईपीएल 2026 में अब तक 4 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से टीम को 2 में जीत मिली है, जबकि इतने ही मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा.



Source link