बैतूल में हीट वेव के खतरे से स्कूल समय बदला: सुबह 7:30 से दोपहर 12 तक लगेंगी कक्षाएं; तापमान 40॰ पार पहुंच रहा – Betul News

बैतूल में हीट वेव के खतरे से स्कूल समय बदला:  सुबह 7:30 से दोपहर 12 तक लगेंगी कक्षाएं; तापमान 40॰ पार पहुंच रहा – Betul News



बैतूल जिले में बढ़ते तापमान और हीट वेव की आशंका के मद्देनजर प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह आदेश शुक्रवार को जारी किया।

.

जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त, मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय और माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह व्यवस्था नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों पर लागू होगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूर्व निर्धारित परीक्षाएं अपने तय समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित होंगी। वहीं, ऐसे निजी विद्यालय जो पहले से ही सुबह 7:30 बजे से पहले संचालित हो रहे हैं, उनके समय में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

40 डिग्री तक पहुंच रहा पारा जिले में गर्मी लगातार रिकॉर्ड स्तर के करीब बनी हुई है। 17 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले भी कई दिनों से तापमान 40 डिग्री के पार बना हुआ है और दोपहर में तेज लू जैसे हालात महसूस किए जा रहे हैं।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 17 से 19 अप्रैल के बीच तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि 22 अप्रैल तक 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास बने रहने का अनुमान है। यानी अगले कुछ दिन और अधिक गर्म रहने वाले हैं।

कलेक्टर ने बताया कि भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को लू और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से सुरक्षित रखा जा सके। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।



Source link