Last Updated:
School Timing Change in MP: मध्य प्रदेश के रायसेन में भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव हुआ है. अब सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही लगेंगे. रायसेन के जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक ने आदेश जारी किया है.
भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय बदला गया है. (फोटो- AI)
रिपोर्ट- दिनेश यादव/भीमशंकर साहू. मध्य प्रदेश के रायसेन में स्कूलों के समय में बदलाव हुआ है. भीषण गर्मी को देखते हुए समय में बदलाव किया गया है. अब सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक लगेंगे. जिला शिक्षा अधिकारी डीडी रजक ने इस संबंध में आदेश जारी किया है. स्कूल का स्टाफ स्कूल में दोपहर डेढ़ बजे तक मौजूद रहेगा. वहीं डिंडौरी में भी भीषण गर्मी के चलते स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक ही स्कूल लगेंगे. नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के छात्रों पर यह आदेश लागू होगा. सरकारी, निजी, सीबीएसई, नवोदय और सभी केंद्रीय स्कूल इसमें शामिल होंगे. दोपहर 12 बजे के बाद कक्षाएं पूरी तरह प्रतिबंधित होंगी. यह आदेश 16 अप्रैल से तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है. छात्रों की छुट्टी के बाद भी शिक्षक स्कूल में उपस्थित रहेंगे. नामांकन, आधार अपडेट और अपार आईडी सहित प्रशासनिक कार्य जारी रहेंगे.
इंदौर में लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. कलेक्टर शिवम वर्मा ने बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए स्कूलों और आंगनबाड़ियों के समय में बदलाव किया है. नए आदेश के तहत छोटे बच्चों के स्कूल अब सुबह के समय संचालित होंगे. दरअसल इंदौर जिले में तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए कलेक्टर शिवम वर्मा ने यह निर्णय लिया है. नए आदेश के अनुसार, नर्सरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के स्कूलों का समय अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा. वहीं आंगनबाड़ियों का संचालन सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाएगा ताकि छोटे बच्चों को तेज धूप और गर्मी से बचाया जा सके.
मौसम की स्थिति के अनुसार समीक्षा
वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के समय में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है. इंदौर प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है और मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी समीक्षा की जाएगी.
सागर में भी बदला स्कूलों का समय
बीते मंगलवार को सागर में भी भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया गया था. सागर में नर्सरी से 12वीं तक के सभी स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक लग रहे हैं. कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी ने आदेश जारी किया था.
कई जिलों में पारा 43 डिग्री पार
बताते चलें कि मध्य प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है. आसमान से आग बरस रही है. कई जिलों में पारा 43 डिग्री पार हो चुका है. मौसम विभाग ने 16 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है. वहीं विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि अगर जरूरी न हो, तो वे दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें. इस मौसम में बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का खास ध्यान रखें. शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए जरूरी मात्रा में पानी पिएं.
About the Author
राहुल सिंह पिछले 10 साल से खबरों की दुनिया में सक्रिय हैं. टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया तक के सफर में कई संस्थानों के साथ काम किया है. पिछले चार साल से नेटवर्क 18 समूह में जुड़े हुए हैं.