भोपाल में टक्कर मारकर महिलाओं से लूट करने वाले गिरफ्तार: मंत्री के निर्देशों के बाद एक्शन में आई थी पुलिस; खंडहर में मिले दो आरोपी, एक फरार – Bhopal News

भोपाल में टक्कर मारकर महिलाओं से लूट करने वाले गिरफ्तार:  मंत्री के निर्देशों के बाद एक्शन में आई थी पुलिस; खंडहर में मिले दो आरोपी, एक फरार – Bhopal News




भोपाल के गोविंदपुरा इलाके में स्थित पानी की टंकी के पास जेके रोड पर बाइक सवार 3 युवकों ने स्कूटी सवार महिलाओं से लूट की थी। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी फरार बताया जा रहा है। गिरफ्तार दोनों आरोपी अन्य वारदात के लिए भेल के एक खंडहर में प्लनिंग कर रहे थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पर्स बरामद कर लिया गया है। जिसमें 15 सौ रुपए कैश सहित फोन रखा था। फरार आरोपी की तलाश में थाने की दो टीमें जुटी हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई अपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। राहगीरों ने महिला को अस्पताल पहुंचाया एडिशनल डीसीपी गौतम सोलंकी ने बताया कि किर्ती शर्मा और उनकी सहेली आंगनबाड़ी की आशा कार्यकर्ता हैं। दोनों पिपलानी में रहने वाली सहेली से मिलकर अपनी स्कूटी से बीते शनिवार की रात घर की ओर लौट रही थीं। पानी की टंकी के पास जेके रोड पर बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक करने का प्रयास किया। एक युवक ने चलती बाइक पर महिला के बैग को झपटने का प्रयास किया। क्योंकि बैग क्रास में टंगा था, वह आसानी से नहीं खिंचा, लुटेरे ने जोर लगाया तो महिला जमीन पर गिर गईं। जिसके बाद आरोपी बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में नकदी, मोबाइल और दस्तावेज रखे थे। राहगीरों ने महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया, सूचना मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले थे। मंत्री सारंग अस्पताल पहुंचे, पीड़ित महिलाओं का जाना हालचाल घटना की जानकारी मिलते ही खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित महिलाओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान मंत्री सारंग ने उपस्थित डॉक्टरों से दोनों महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति की विस्तृत जानकारी भी ली। मंत्री सारंग ने पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस तरह की घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही मंत्री सारंग ने पीड़ित महिलाओं के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनके साथ खड़ी है और आरोपियों पर कठोरतम कार्रवाई करवाई जाएगी। घटना के बाद से स्थानीय क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ 10 अपराध दर्ज गिरफ्तार आरोपी आदिल पिता मोहम्मद शाकिर (25) निवासी अर्जुन नगर के खिलाफ पूर्व में 6 आपराधिक केस दर्ज हैं। वहीं 20 वर्षीय शाबान पिता मोहम्मद शमीम के खिलाफ दो केस पूर्व में दर्ज हैं। घटना का मास्टर माइंड यूसुफ खान निवासी जहांगीराबाद फिलहाल फरार है। जिसके खिलाफ पूर्व में भी 12 केस दर्ज हैं। जिसमें मारपीट, चोरी, लूट और हत्या के प्रयास जैसे केस शामिल हैं।



Source link